प्रवासी मजदूरों को भड़काने वाले विनय दुबे को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार 

0

मुंबई, 15 अप्रैल (हि. स.)। मुंबई में प्रवासी मजदूरों को मूल गांव लौटने के नाम पर भड़काने वाले  विनय दूबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूबे को बुधवार शाम को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले की सघन जांच बांद्रा पुलिस स्टेशन कर रही है।
पुलिस के अनुसार विनय दूबे उत्तर भारतीय पंचायत का अध्यक्ष है और वह कई दिनों से प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया अभियान चला रहा था। उसके फेसबुक और ट्विटर अकाउंट से पता चला है कि वह कई दिनों से इससे संबंधित पोस्ट कर रहा था। विनय ने ट्रेन शुरु न किए जाने पर आंदोलन की भी धमकी दी थी। लॉकडाउन के दौरान मजदूरों के कार्यस्थलों पर ही फंसे होने के लिए प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए उसने पोस्ट भी अपलोड की थी।
नवी मुंबई में रहनेवाले विनय दूबे को बुधवार को ऐरोली पुलिस ने गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस को सौंंप दिया है। मुंबई स्थित बांद्रा पुलिस स्टेशन में विनय दूबे सहित एक हजार अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बांद्रा स्टेशन के बाहर भारी संख्या में प्रवासी मजदूर जमा होकर घर जाने के लिए ट्रेन शुरु करने की मांग करने लगे थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज शर्मा ने इन सभी प्रवासी मजदूरों को समझाने का प्रयास किया। जब नहीं माने तो हल्का लाठीचार्ज किया गया जिससे सभी प्रवासी मजदूर भाग गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *