अगर इस साल आईपीएल नहीं होता है तो धोनी की टीम में वापसी मुश्किल: गंभीर

0

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और भाजपा से मौजूदा लोकसभा सांसद गौतम गंभीर का मानना हैं कि अगर इस साल इंडियन प्रीमियर लीग का सत्र नहीं होता है तो महेंद्र सिंह धोनी का टीम में वापसी करना लगभग नामुमकिन है।
धोनी ने आखिरी बार भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल मुकाबला पिछले साल जुलाई में खेला था। जहां टीम को विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और धोनी को उनकी धीमी पारी के लिए खूब खरी खोटी सुननी पड़ी थी। ऐसा माना जा रहा था कि इस साल धोनी आईपीएल में वापसी कर भारतीय टीम के दरवाजों पर एक बार फिर से दस्तक देंगे। मगर कोरोना वायरस महामारी के चलते अब यह लीग स्थगित हो चुकी है।
गंभीर ने एक टीवी शो में बातचीत करते हुए कहा, ‘अगर इस साल आईपीएल नहीं होता है तो धोनी का टीम में चयन होना काफी मुश्किल हो जाएगा। वैसे भी किस बात पर धोनी का चयन होगा, वे तो पिछले 1 साल से टीम से दूर हैं।’
गंभीर ने केएल राहुल को धोनी की जगह भारतीय टीम में सही विकल्प माना है। उन्होंने कहा, ‘केएल राहुल की विकेट कीपिंग धोनी जितनी अच्छी नहीं है। मगर वह टी20 क्रिकेट में एक उपयोगी बल्लेबाज है। विकेटकीपिंग के साथ-साथ वह तीसरे और चौथे नंबर पर भी बल्लेबाजी कर सकता है।’ गंभीर ने कहा, ‘जहां तक धोनी के संन्यास लेने की बात है तो वह उसका निजी फैसला है।’
गंभीर से पहले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, सुनील गावस्कर, आकाश चोपड़ा और बहुत से अन्य दिग्गज खिलाड़ी यह मान चुके हैं कि अब धोनी के लिए भारतीय टीम में वापसी करना बेहद ही मुश्किल काम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *