पंजाब में एक ही गांव से मिले 11 कोरोना पॉजिटिव, 3000 लोगों को किया क्वारंटाइन

0

चंडीगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब का जिला मोहाली कोरोना पाॅजिटिव केसों का गढ़ बन चुका है। अकेले मोाहली से ही 26 केस सामने आए हैं। वहीं मंगलवार को एक ही गांव में कोरोना के 11 पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने समूचे गांव के 3000 लोगों को क्वारंटाइन करके आसपास के तीन गावों को सील कर दिया है। वहीं इसे मिलाकर पंजाब में अबतक कोरोना वायरस मामलों की संख्या 91 पहुंच चुकी है।
पंजाब में अपनी तरह का यह पहला मामला है जहां एक ही गांव में इतनी बड़ी संख्या में लोग पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले शहीद भगत सिंह नगर जिला के पठलावा गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद सामूहिक रूप से कोरोना फैला था। आपात स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने आसपास के स्कूलों व कालेजों को खाली करवाकर क्वारंटाइन हाउस बना दिया है।
मोहाली जिला के डेराबस्सी उपमंडल के गांव जवाहरपुर में चार दिन पहले पंचायत सदस्य को कोरोना हुआ था। वह एक जमाती के संपर्क में आया था। इसके बाद इस गांव की सरंपच तथा सरपंच के पति एवं ब्लाक समीति सदस्य को कोरोना हो गया। बीते 12 घंटे में जवाहरपुर गांव से 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
चंडीगढ़-दिल्ली मुख्य मार्ग पर स्थित इस गांव में मिला कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति डेराबस्सी कैंटर यूनियन का प्रधान भी है। जिसके चलते उसने यहां लंगर का आयोजन तथा राशन वितरण भी किया था। जिसमें कई नेता व प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए थे। जवाहरपुर में एकसाथ इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव के आने के बाद इस गांव के करीब तीन हजार लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है।
मोहाली के सिविल सर्जन डॉ.मनजीत सिंह ने बताया कि जवाहरपुर के अलावा आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गावों को सील करके सेनिटाइज मुहिम शुरू कर दी गई है। इसके अलावा संदिग्धों के सैंपल लिए जा रहे हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *