यूपी के कन्नौज में पुलिस और नमाजियों के बीच भिड़ंत, तीन घायल

0

उपद्रवियों को पकड़ने के लिए ली गई ड्रोन की मदद जिलाधिकारी व एसपी की अगुवाई में धरपकड़ शुरू  मुख्य आरोपी के दामाद सहित 11 लोग किये गए गिरफ्तार 



कन्नौज, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में घर की छत पर शुक्रवार को दर्जन से अधिक लोगों द्वारा सामूहिक रूप से जुमे की नमाज अदा किये जाने की सूचना पर जब रोकने की कोशिश की गई तो पुलिस को देख आग बबूला हुए लोगों ने घेर कर पुलिस कर्मियों को जमकर पीटा और चारों तरफ से पथराव कर दिया। उपद्रवियों के पथराव में तीन पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई ने भाग कर जान बचाई। जिलाधिकारी, एसपी सहित प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा और उपद्रवियों की धरपकड़ शुरू की गई। उपद्रवियों ने खुद को घरों में बंद कर लिया। इसके बाद प्रशासन ने दो ड्रोन कैमरों की मदद से घरों की छतों पर जमा भारी मात्रा में पत्थर देखे। इसके बाद पुलिस ने 11 उप​द्रवियों को उनके घरों के अन्दर से गिरफ्तार कर लिया।
कन्नौज के सदर कोतवाली थानाक्षेत्र में कागजियाना मोहल्ला है। यहां पर भारी संख्या में मुस्लिम परिवार रहते हैं। कोरोना वायरस के चलते देश में लॉकडाउन के बीच सभी को सो​शल डिस्टेंसिंग रखने की हिदायत दी जा रही है। शासन व प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद शुक्रवार को कागजियाना मोहल्ले में रहने वाले मो. सगीर के घर पर करीब 26 लोग जमा हुए। यह सभी घर की छत पर एक साथ जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। इसकी भनक जैसे ही क्षेत्रीय लोकल इंटेलीजेंस यूनिट (एलआईयू) कर्मी राजीव को हुई तो वह तत्काल मौके पर पहुंचे। यहां पहले से मकान के गेट पर बाहर की ओर तीन-चार महिलायें निगरानी कर रही थी। एलआईयू कर्मी ने जब घर की छत पर इकठ्ठा नमाजियों के बारे में पूछा तो निगरानी कर रही महिलाएं बिफर गई। इसके बाद एलआईयू कर्मी ने स्थानीय हाजी सलीस चौकी इंचार्ज आनंद पांडेय को सूचना दी।
नमाज पढ़ने वाली भीड़ ने किया जानलेवा हमला
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच जैसे ही एलआईयू कर्मी ने घर के बाहर से अंदर लोगों की जमा भीड़ की फोटो मोबाइल पर लेनी चाही तो महिलाओं सहित घरों की छतों से अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। उपद्रवियों ने मौजूद पुलिस व एलआईयू कर्मी पर जानलेवा हमला करते हुए एक मोटर साइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। सिर पर चोट लगने के बाद लहूलुहान हालत में चौकी इंचार्ज, एलआईयू कर्मी व एक सिपाही घायल हालत में भागे। इसके अलावा एक महिला कर्मी व सिपाही हमले में बाल-बाल बच गए।
ड्रोन कैमरे से हुई घर में छुपे उपद्रवियों की तलाश 
पुलिस पर पथराव व जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा, एसडीएम शैलेश कुमार, एडीएम, एसपी अमरेन्द्र प्रताप सिंह, एएसपी विनोद कुमार चार थानों का पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासन व पुलिस बल को देख संवेदनशील इलाके में उपद्रवियों की भीड़ घरों में छुप गई। उपद्रवियों को पकड़ने के लिए प्रशासन ने दो ड्रोन कैमरों को उड़ाकर देखा तो सभी दंग रह गए। पूरे मोहल्ले की छतों पर एक-एक ट्राली पत्थर जमा था और घरों में भी महिलाओं, बच्चों के साथ कई बाहरी लोगों को देखा गया। इस पर प्रशासन ने मीडिया कवरेज बंद कराते हुए कार्यवाही शुरू की। उपद्रवियों को उनके घरों से काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। लेकिन मुख्य आरोपी सगीर पूरे परिवार सहित कुछ बाहरी लोगों के साथ घर के अंदर छुपकर प्रशासन को लगातार ललकारता रहा।
 
मुख्य आरोपी का दामाद सहित 11 लोग गिरफ्तार 
पुलिस कार्यवाही के दौरान घरों में छुपे उपद्रवियों की धरपकड़ की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सगीर के दामाद को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 10 अन्य उपद्रवियों को पकड़ा जा चुका है और कार्यवाही जारी है। अभी भी करीब दो दर्जन उपद्रवियों को पकड़ा जाना है जो घरों में छुपे हुए हैं।
लगाया जाएगा एनएसए
जिलाधिकारी ने बताया कि लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए घर में गुपचुप तरीके से नमाज पढ़ने, एलआईयू व पुलिस पर हमला करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के साथ गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा जा रहा है। सभी की गिरफ्तारी करते हुए जेल भेजने की कार्यवाही जारी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *