पश्चिम बंगाल में 24 घंटे के भीतर बढ़े कोरोना संक्रमण के 13 नए मामले

0

ओम प्रकाश
कोलकाता, 02 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान 13 लोग इससे पीड़ित हुए हैं। इसकी वजह से बंगाल में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 50 हो गई। बुधवार तक यह संख्या 37 थी।
हालांकि राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बारे में आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया जा रहा है। दरअसल बुधवार को बेलघरिया के जेनिथ अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। उसकी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव लिखा गया है लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि उसकी मौत कोरोना से नहीं हुई है बल्कि निमोनिया से हुई है। उन्होंने मीडिया कर्मियों को चेतावनी दी थी कि बिना स्वास्थ्य विभाग के रिलीज के कोरोना से मौत अथवा संक्रमण की खबर ना चलाई जाए। इसके बाद से राज्य स्वास्थ्य विभाग ने नियमित हेल्थ बुलेटिन सीमित कर दिया है।
हालांकि नए संक्रमण के बारे में स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की ओर से बताया गया है कि अपोलो अस्पताल में 5 लोग कोरोना के संदिग्ध लक्षणों के साथ भर्ती थे। इसमें से एक ही परिवार के 2 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये कोलकाता के अम्हरस्ट स्ट्रीट थाना इलाके के रहने वाले हैं। एक और व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है जो साल्टलेक के रहने वाले हैं और बैंक में काम करते हैं। दो अन्य लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से एक दक्षिण कोलकाता और एक मेदिनिपुर के रहने वाले हैं। इसके साथ ही दमदम के नागेरबाजार और सॉल्टलेक के निजी अस्पताल में भर्ती दो अन्य लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। कमांड अस्पताल के जिस चिकित्सकीय अधिकारी में संक्रमण की पुष्टि हुई थी उसके ड्राइवर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती 4 लोगों के नमूने जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। ये कोरोना की वजह से 2 दिन पहले ही दम तोड़ने वाली कलिमपोंग की महिला के परिजन हैं। मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती और एक व्यक्ति के शरीर में कोरोना की पुष्टि हुई है। उल्लेखनीय है कि राज्य में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर। 50 हो गई है। जबकि 3 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। हालांकि बुधवार तक 7 लोगों की मौत हुई है। लेकिन राज्य स्वास्थ्य विभाग में बुधवार देर रात जो रिलीज जारी की थी उसमें केवल 3 लोगों के मरने की पुष्टि की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *