बिहार में असरदार रहा लॉकडाउन का चौथा दिन

0

दूसरे राज्यों से घर लौट रहे लोगों को खाना खिला रहा प्रशासनइस बार नहीं निगलेगा का रामनवमी का जुलूस



पटना, 28 मार्च (हि.स.)। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को भी व्यापक असर दिखा। राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, भोजपुर औरंगाबाद, गया सहित पूरे बिहार के सभी 38 जिलों में लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। हालांकि लॉकडाउन तोड़कर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने वालों पर आज भी पुलिस ने सख्ती बरती। कई जगहों पर पुलिस ने डंडे भी बरसाये तो कई जगहों पर उठा-बैठी भी कराती दिखी। वैसे लोग खुद जागरूक हो गये हैं और बगैर जरूरत घर से नहीं निकल रहे हैं। सुबह में लोग राशन, सब्जी, दवा और दूध जैसे जरूरी सामान लेने बाहर निकले, लेकिन जल्दी ही लौट आये। पटना सहित दूसरे जिलों या प्रदेशों से पैदल चलकर पहुंचे मजदूरों के लिए भोजन का इंतजाम किया गया है। उनकी स्वास्थ्य जांच भी करायी जा रही है। फुटपाथ या रैन बसेरों में रहने वालों को भोजन के पैकेट दिए जा रहे हैं।

लॉकडाउन के चलते रामनवमी और हनुमान जयंती पर इस बार जुलूस नहीं निकलेगा। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व चैती छठ भी आज नहाय-खाय से शुरू हुआ। लोग नदी और तालाबों पर नहीं गये और घरों पर ही पूजा-अराधना की। हालांकि, प्रशासन ने सभी घाट बंद कर दिए हैं। गया में मध्य प्रदेश के 105 पिंडदानी फंस गए थे। प्रशासन ने इन्हें खाना पहुंचाया। उन्हें बस से मध्य प्रदेश भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

 डीजीपी ने कहा, जरूरतमंदों को खाना खिलाये पुलिस

21 दिनों तक चलने वाले लॉकडाउन का सबसे अधिक असर गरीबों और बेसहारों पर पड़ा है। मजदूर, रिक्शा चलाने वाले और भीख मांगकर गुजारा करने वाले हजारों लोगों के सामने भूखे रहने की नौबत आ गई है। ऐसी स्थिति में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने हर थाने को निर्देश दिया है कि पुलिस जरूरतमंदों की मदद करे। उनको खाना खिलाया जाए। इसके बाद पटना पुलिस गरीबों की मदद के लिए आगे आई है।। जिले के सभी थाने की पुलिस अपने स्तर से गरीबों को खाना देने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा परिवहन विभाग ने अपने अमले से कहा है कि जरूरी सामान ले जा रहे ट्रकों को नहीं रोका जाए। इसका पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरभंगाः होम क्वारैंटाइन का पालन नहीं करने पर दरभंगा में प्राथमिकी दर्ज

कोरोना वारयरस के संक्रमण के खतरे के मद्देनजर होम क्वारैंटाइन का पालन नहीं करनेवालों के खिलाफ अब पुलिस का कानूनी डंडा चलना शुरू हो गया है। दरभंगा प्रशासन ने होम क्वारैंटाइन का पालन नहीं करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ एसएसपी बाबूराम के निर्देश पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। बहेड़ा थाना के मोतीपुर में दरभंगा के एसएसपी बाबूराम डॉक्टरों की टीम के साथ खुद होम क्वारंटाइन में डाले गए व्यक्ति का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां एक संदिग्ध अपने घर से गायब था। इसके बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा। इसके अलावा 6 और होम क्वारैंटाइन किये गये लोगों को सख्त हिदायत दी गई।

भागलपुर में 18 संदिग्ध, 14 की रिपोर्ट निगेटिव, 2 मरीज आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती

भागलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब तक 18 संदिग्धों को भर्ती कराया गया है। इसमें 14 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी 14 लोगों को आइसोलेशन वॉर्ड से छुट्टी कर दे दी गई, लेकिन होम क्वारैंटाइन का आदेश दिया गया है। दो लोगों को आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है। उनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इसके आलावा पूरे जिले में लॉकडाउन का पूरा असर है। बेवजह घर से बाहर निकल रहे लोगों को पुलिस लौटा रही है। सुबह 6 से 9 बजे तक लोग राशन, सब्जी, दवा और दूध खरीदने के लिए घरों से निकल रहे हैं। दस बजे के बाद पूरा शहर सन्नाटा हो जाता है। शाम में भी 6 बजे से पहले ही लोग जरूरी सामानों की खरीदारी कर लेते हैं। शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पुलिस हर घूम-घूमकर लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने की अपील कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *