कोरोना से बचने के लिए घर बैठे मंगाए कैश

0

एसबीआई-एचडीएफसी सहित कई बैंकों ने शुरू की सेवा



नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर देश लॉकडाउन है। ऐसे में बैंक आपको घर बैठे ही कैश मुहैया कराएगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक समेत कई बैंक ये सुविधा दे रही है। सुविधा खासकर दिव्यांग, बुजुर्गों और विशेष पंजीकरण वाले ग्राहकों को मिलेगी, जिसके तहत लोगों के घरों तक कैश की डिलिवरी की जाएगी। आपको बस अपना रिक्वेस्ट बैंक तक पहुंचाना है, फिर बैंक के कर्मचारी आप तक कैश पहुंचाएंगे। कैश निकालने के अलावा आप इस सुविधा का लाभ कैश जमा करने के लिए भी कर सकते हैं।
एसबीआई और देश के निजी सेक्टर के कई बड़े बैंक लोगों को ये सुविधा देगी। कुछ शर्तों के साथ ग्राहकों के पास कैश की होम डिलिवरी की जाएगी। इसके लिए खाताधारकों को निश्चित शुल्क चुकाना होगा। एसबीआई के खाताधारकों को डोरस्टेप सुविधा के लिए 100 रुपये का शुल्क चुकाना होगा। ये शुल्क निकाली जाने वाली राशि पर निर्भर करता है। इसी तरह से एचडीएफसी भी अपने ग्राहकों को यह सुविधा देगी, जिसके तहत आप 5000 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक की नकदी मंगवा सकते हैं। कैश के अलावा आप घर बैठे-बैठे लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहक बैंक की वेबसाइट Bank@homeservice पर लॉग इन कर या कस्टमर केयर पर फोन के जरिए घर बैठे नकदी मंगाने की सुविधा से जुड़ सकते हैं। इस बैंक ने नकद मंगाने के अनुरोध के लिए सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक का वक्त तय किया है। बैंक के मुताबिक अनुरोध के दो घंटे के भीतर ग्राहक को पैसे उसके घर पर मिल जाएंगे। खास बात ये है कि आईसीआईसीआई के ग्राहक इस सुविधा के तहत दो हजार से लेकर दो लाख तक की नकदी मंगवा सकते हैं। इसके लिए ग्राहकों को 50 रुपये का शुल्क और शुल्क का 18 प्रतिशत देना होगा, जो कि करीब 60 रुपये बैठती है।
हालांकि बैंक ने लोगों को कोरोना संक्रमण के चलते कैश से दूर रहने की अपील की है। लोगों को कैश के बजाय डिजिटल बैंकिंग का अधिक से अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *