कोरोना इफेक्ट: तिहाड़ जेल से छोड़े जाएंगे तीन हजार कैदी

0

छोड़े जाने वाले कैदियों में 1500-1500 होंगे सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदी



नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए तिहाड़ जेल से तीन हजार कैदी छोड़े जाएंगे। तिहाड़ जेल प्रशासन पंद्रह सौ सजायाफ्ता और पंद्रह सौ विचाराधीन कैदियों को तीन चार दिन में जेल से रिहा करेगा।
तिहाड़ जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि छोड़े जाने वाले कैदियों में वह कैदी शामिल नहीं हैं, जिनपर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि सजायाफ्ता पंद्रह सौ कैदियों को पैरोल या फिर फरलो पर जेल से बाहर जानेे की अनुमति दी जाएगी। पंद्रह सौ ऐसे कैदी है जिनका मामला अदालत में लंबित है और वह छोटे मोटे अपराध में संलिप्त हैं। ऐसे विचाराधीन कैदियों को अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा किया जाएगा।
महानिदेशक ने बताया कि यह फैसला कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर जेल में भीड़ को कम करने के लिए लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक तिहाड़ में कोई भी संक्रमित कैदी सामने नहीं आया है। तिहाड़ जेल में कोरोना वायरस से बचाव के लिए उपाय किए हैं। जिसके तहत जेल आने वाले कैदियों की जांच करने के बाद उन्हें तीन दिनों तक अन्य कैदियों से अलग रखा जाता है। खासकर विदेशी कैदियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जेल में इसके लिए अलग से आइसोलेशन सेल बनाया गया है और ऐसे कैदियों पर डॉक्टर विशेष नजर रख रहे हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *