काेरोना से लड़ने के लिए महाराष्ट्र तैयार, नागरिक करें सहयोग : मुख्यमंत्री ठाकरे

0

काेरोना पीड़ितों की संख्या हुई 48 प्रधानमंत्री से सूबे में अतिरिक्त लैब खोलने की मांग सिंगापुर में फंसे 50 मेडिकल छात्रों को वापस लाने का प्रयास जारी



मुंबई, 19 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय राज्य काेरोना जैसे वायरस युद्ध का सामना कर रहा है। यह समय सभी को मिलकर इसका सामना करने का है, इसलिए नागरिक पब्लिक गैदरिंग से बचते हुए इस युद्ध से लड़ने में सरकार की मदद करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की है। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र को इस संकट का सामना करने के लिए हर तरह की मदद करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर में हमारे राज्य के 50 मेडिकल छात्र फंसे हुए हैं। इन सभी को वापस लाने का प्रयास वह कर रहे हैं। इसके लिए सिंगापुर में भारतीय दूतावास से वह लगातार संपर्क में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शासकीय मशीनरी काेरोना का मुकाबला करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। इस मशीनरी को हर तरह की मदद सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही है। राज्य में यह संकट विदेश से आया है, इसलिए यहां काेरोना की जांच के लिए लैब कम पड़ रहे हैं। इसे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि सभी धर्म के लोग पूजा-अर्चना अपने घरों में ही रहकर करें। साथ ही सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारी ही आड व इवेन की तर्ज पर काम कर रहे हैं। इसी तरह लोकल ट्रेन व बसों में भी भीड़ कम किया जाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ट्रेन व बस बंद कर सकती है, लेकिन वह करना नहीं चाह रही है। लोगों को सरकारी सूचनाओं का पालन करना जरूरी है।
गुरुवार को मुंबई में एक और उल्हास नगर में एक काेरोना पाॅजीटिव पाए गए हैं। सूबे में काेरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर अब 48 हो गई है। मुंबई में लोकल व बसों में भीड़ बहुत कम हो गई है। पुणे में जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने धारा 144 लागू कर दिया है। साथ ही मुंबई के व्यस्ततम इलाके दादर में भी सभी दुकानें 25 मार्च तक बंद कर दी गई हैं। ठाणे में भी बंद का माहौल है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *