कोरोना खौफ : नेपाल-भूटान के नागरिकों को भारत आने-जाने की छूट
महराजगंज, 16 मार्च (हि.स.)। कोरोना वायरस के खौफ से भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है लेकिन भारतीय नागरिकों को नेपाल की यात्रा करने की छूट है। भूटानी और नेपाली नागरिक भी भारत में आने जाने को लेकर स्वतंत्र हैं। हालांकि भारत-नेपाल सीमा पर विदेशियों के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
भारत-नेपाल सीमा से विदेशियों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बाद से सोनौली बॉर्डर से विदेशियों के नेपाल और भारत में प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था। नेपाल में भारतीय नागरिकों के अलावा किसी भी विदेशी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। भारत की तरफ से भी नेपाल व भूटान के नागरिकों को छोड़ किसी भी अन्य देश के नागरिक को प्रवेश अनुमति नहीं है। हालांकि दोनों देशों के प्रतिबंध के आदेशों की अवधि अलग-अलग है। भारतीय आव्रजन विभाग के अनुसार अब तक के आदेश के अनुसार विदेशियों पर 15 अप्रैल तक रोक रहेगी।
नेपाल के आव्रजन अधिकारी गिरिराज खनाल का कहना है कि 15 मार्च से 30 मार्च तक भारतीयों को छोड़ सभी विदेशी नागरिकों के नेपाल में प्रवेश प्रतिबंध के आदेश दिए गए हैं। बावजूद इसके भारतीय नागरिकों को कुछ जांच-पड़ताल के बाद नेपाल में प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रतिबंध के बाद सोनौली सीमा पर सन्नाटा
विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध के कारण सोनौली सीमा पर सन्नाटा पसर रहा है। रविवार को सोनौली व नेपाल के बेलहिया में भारत व नेपाल के नागरिकों के अलावा कोई भी विदेशी नजर नहीं आया। यही स्थिति सोमवार को भी बनी हुई है।
जारी है भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा
भारत-नेपाल के बीच चलने वाली मैत्री बस का संचालन जारी है। नेपाल के बेलहिया स्थित आव्रजन विभाग के अधिकारी गिरिराज खनाल का कहना है कि रविवार से सभी विदेशी नागरिकों (भारत को छोड़) के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। नेपाल-भारत मैत्री बस संचालन जारी रहेगा। कोरोना वायरस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
विदेश से लौटे लोगों को ढूंढ रहा स्वास्थ्य महकमा
विदेश से महराजगंज आए 52 यात्रियों की सूची शासन ने स्वास्थ्य विभाग को सौंपी है। इसमें 32 यात्री म्यांमार के लिए रवाना हो गए हैं लेकिन खबर लिखे जाने तक 20 यात्री अभी महराजगंज में ही कहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग इनकी तलाश में जुटा है।
हरकत में है स्वास्थ्य विभाग
कोरोना को लेकर पूरे प्रदेश में काफी सतर्कता बरती जा रही है। शासन-प्रशासन अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट मिली है कि दुबई, सिंगापुर, मलेशिया, कुवैत, बैंकाक, रियाद व म्यांमार से नौ मार्च को लखनऊ एयरपोर्ट से उतर महराजगंज के लिए रवाना हुए यात्रियों की सूची मिल गई है। अब स्वास्थ्य महकमा हरकत में है। चिकित्साधिकारी व चिकित्सा अधीक्षक के माध्मय से तलाश शुरू करा दी। इनमें से 32 का लोकेशन ट्रेस हो गया है लेकिन शेष लोगों की तलाश हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आइ.ए. अंसारी ने कहा कि सूची मिली है। 32 यात्री म्यांमार के लिए निकले हैं। अभी वह गया तक पहुंचे हैं। शेष यात्रियों की तलाश के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम लगाई गई है। यात्री चिन्हित होते ही उन्हें घर में ही सुरक्षा प्रदान करते हुए निगरानी रखी जाएगी। उनके बारे में पूरी जानकारी एकत्रित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उनकी जांच भी कराई जा सकती है।
