ट्रम्प का कोविड -19 टेस्ट नेगेटिव: व्हाइट हाउस
वाशिंगटन 15 मार्च (हि.स.)।राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का कोरोनावायरस टेस्ट नेगेटिव आया है।यह घोषणा शनिवार को व्हाइट हाउस की ओर से की गई।
व्हाइट हाउस प्रेस सहिव स्टीफनी ग्रिशम ने शनिवार को एक प्रेस वक्तव्य में कहा है कि डोनाल्ड ट्रम्प ने कोविड-19 टेस्ट शुक्रवार की रात कराया था। इससे पूर्व उन्होंने अपने कुछ सहायकों के साथ परामर्श किया।
राष्ट्रपति ने क़रीब एक सप्ताह पूर्व ‘मार ए लागों’ क्लब में ब्राज़ील के राष्ट्रपति के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों को दावत दी थी। इसके बाद फ़्लोरिडा स्थित ‘मार ए लागो’ क्लब में ब्राज़ीली प्रतिनिधि मंडल के दो सदस्यों का कोविड-19 टेस्ट पाज़िटिव पाया गया था। शुक्रवार को प्रेस कॉफ़्रेंस में कुछेक संवाद्दाताओं ने ट्रम्प का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया था कि ब्राज़ीली राष्ट्रपति को टेस्ट पाज़िटिव आया है। ऐसी स्थिति में क्या वह स्वयं कोविड -19 टेस्ट करवाएँगे। इस पर उन्होंने कहा था कि व्हाइट हाउस चिकित्सकों ने उन्हें कोविड-19 लक्षणों से मुक्त बताया था। ट्रम्प ने भी प्रेस काँफ़्रेंस में दावा किया था कि ब्राज़ीली राष्ट्रपति के टेस्ट पाज़िटिव की ख़बर ग़लत थी। उन्होंने शनिवार की सुबह प्रेस काँफ़्रेंस में कोविड-19 टेस्ट कराए जाने की जानकारी दी थी।
उन्होंने कहा कि शनिवार को प्रेस काँफ़्रेंस में आने से पूर्व वह तापमान चेक करा कर आए है। उनका तापमान सामान्य है। प्रेस काँफ़्रेंस से पूर्व व्हाइट हाउस में आने वाले सभी पत्रकारों और कोविड-19 टास्क फ़ोर्स के सभी सदस्यों का तापमान लिया गया। उसके बाद ही उन्हें प्रेस काँफ़्रेंस में उपस्थित होने की इजाज़त दी गई।
एक पत्रकार का तापमान 99.9 होने पर उसे व्हाइट हाउस से वापस भेज दिया गया।
प्रेस काँफ़्रेंस में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ एलेर्जि और संक्रमक रोग के निदेशक डाक्टर एंटनी फ़ौचि ने कहा कि कोविड-१९ एक ऐसा नया संक्रमक रोग है, जिस से और अधिक लोगों के संक्रमित होने और मरने की आशंका है।
उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने वाइट हाउस में प्रेस काँफ़्रेंस के दौरान कहा कि युनाइटेड किंगडम में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए वहाँ के नागरिकों के मंगलवार से अमेरिका आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस से पूर्व अमेरिका ने यूरोप के सभी 28 देशों के नागरिकों के अमेरिका आने पर रोक लगाई थी। उन्होंने कहा कि कोविड -19 का टेस्ट उन्होंने भी नहीं करवाया है, लेकिन वह भी करवाएंगे।
