कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर पटना के बेउर और फुलवारी जेल अलर्ट

0

पटना, 13 मार्च (हि.स)। कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर पटना के बेउर और फुलवारी जेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बेउर जेल में भीड़ कम करने के लिए कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जेल के अंदर भीड़ को कम करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है। करीब 2500 क्षमता वाले बेउर जेल में फिलहाल साढ़े चार हजार कैदी हैं।
जेल में शुरू हुआ जागरुकता अभियान
जेल में बंद कैदियों के बीच भी महामारी फैलने की आशंका   को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।  उन्हें समय-समय पर हाथ साफ करने और साफ रहने के लिए कहा जा रहा है। सर्दी-खांसी होने की सूचना तत्काल जेल प्रशासन को देने को भी कहा गया है। इसके साथ ही जेल प्रशासन की ओर से  लगातार  बंदियों से मुलाकात के लिए कम-से-कम लोगों को आने के लिए कहा जा रहा है।
300 कैदी फुलवारीशरीफ शिफ्ट होंगे
जेल प्रशासन करोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए बेउर जेल से  300 कैदियों को फुलवारी जेल में शिफ्ट कर रहा है।  बेउर जेल में बंदियों के रखने की क्षमता करीब 2500 है। इतने बंदियों के लिए जेल में कुल 125 वार्ड उपलब्ध हैं लेकिन फिलहाल बेउर जेल में करीब 4500 कैदी बंद हैं। कई कुख्यात कैदी सहित विधायक भी बेउर जेल में हैं। फुलवारी शिविर मंडल कारा के अंदर बंदियों को रखने की क्षमता करीब 700 है और फिलहाल यहां 500 बंदी ही हैं। इसे देखते हुए बेउर जेल से 300 बंदियों को फुलवारी जेल शिफ्ट किया जा रहा है।
बिहार सरकार ने शुक्रवार को  कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए हैं, उसको ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से यह फैसला लिया गया है। बताते चलें कि प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों जैसे स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, पार्क, शॉपिंग मॉल को 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही खेलकूद के आयोजनों, सांस्कृतिक महोत्सवों और राजनीतिक-सामाजिक आयोजनों को बिहार में 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *