बिल गेट्स का माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा
वाशिंगटन, 14 मार्च (हि.स.)। माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा शुक्रवार को दिया है। इससे पहले बिल गेट्स (64) ने एक दशक पहले कंपनी के रोजाना के कार्यों में भाग लेना बंद कर दिया था। कहा जा रहा है कि वह अब सामाजिक कार्यों में ज्यादा समय देना चाहते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के सीईओ सत्या नडेला ने कहा कि बिल के साथ काम करना और सीखना बहुत बड़े सम्मान की बात है। उन्होंने कंपनी की स्थापना सॉफ्टवेयर और चुनौतियों को हल करने के जुनून के साथ की थी।
उन्होंने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट सलाहकार के रूप में बिल गेट्स से लाभ लेता रहेगा। गेट्स तकनीकी सलाहकार के रूप में काम करते रहेंगे। साथ ही नडेला ने यह भी कहा कि वह बिल की दोस्ती के लिए आभारी हैं और उनके साथ काम करना जारी रखना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि बिल गेट्स ने सीईओ का पद साल 2000 में छोड़ दिया था और कंपनी की बागडोर स्टीव बालमर को सौंप दी थी। साथ ही चेयरमैन का पद भी छोड़ दिया था। सन् 2014 में सत्या नडेला माइक्रोसॉप्ट कंपनी के तीसरे सीईओ बन गए थे।
