सिंधिया के स्वागत में दुल्हन की तरह सजा भाजपा प्रदेश कार्यालय

0

भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार दोपहर भोपाल पहुंचेंगे। भाजपा में शामिल होने के बाद सिंधिया पहली बार राजधानी आ रहे हैं। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। उनके स्वागत के लिए राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
सिंधिया के भोपाल आगमन पर भाजपा ने जबरदस्त तैयारी की है। भाजपा और आरएसस के बड़े नेता पूरी तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। बताया जा रहा है कि सिंधिया दो बजे के करीब विशेष विमान से स्टेट हैंगर पहुंचेंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए खुद भाजपा के बड़े नेता एयरपोर्ट जाएंगे। यहां से एक बड़े जुलूस की शक्ल में उनका काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेगा। यहां उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। सिंधिया कार्यालय प्रांगण में राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद मंच से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शुक्रवार को सिंधिया राज्यसभा के लिए अपना नामांकन जमा करेंगे।
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला जयपुर से इंदौर पहुंचे
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला जयपुर से इंदौर पहुंचे हैं। संजय का कहना है कि वे निजी कारणों से वापस आए हैं। उनके पिता और बड़े भाई भाजपा में ही हैं और इंदौर के बड़े नेता माने जाते हैं। उनके भाजपा में शामिल होने की सूचना आई थी, जिसका विधायक ने खंडन किया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *