अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में 4 भारतीय गिरफ्तार
न्यूयॉर्क, 11 मार्च (हि.स.)। अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में चार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मेसेना बॉर्डर पेट्रोल स्टेशन के एजेंटों ने पिछले हफ्ते छह लोगों को गिरफ्तार किया था। अब इस बात का खुलासा हुआ है कि इन छह लोगों में चार भारतीय भी शामिल थे।
पुलिस ने दो वाहनों को रोका था, जिसमें जांच करने पर पाया गया कि इनमें कुछ भारतीय भी हैं। आगे की प्रक्रिया के लिए इन्हे बॉर्डर पेट्रोल स्टेशन लाया गया। दोनों वाहनों के चालकों पर लोगों की तस्करी करने का बड़ा अपराध करने का आरोप लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया। इस आरोप की सजा 10 साल तक हो सकती है, जबकि दो लोगों पर अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप हैं।
मेसेना बॉर्डर पेट्रोल स्टेशन के इंचार्ज वेड लाफमैन ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में सीमा पार कर अवैध रूप से प्रवेश करने के मामले बढ़ गए हैं। कई मानव तस्करों काे इस बीच गिरफ्तार किया गया है। ये लोग मेसेना स्टेशन के भौगोलिक संरचना का फायदा उठाकर तस्करी करते हैं।
उल्लेखनीय है कि यूएस कस्टम एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की एकीकृत बॉर्डर एजेंसी है जो देश की सीमाओं और पोर्ट ऑफ एंट्री की सुरक्षी सुनिश्चित करते हैं।
