एसबीआई ने एमसीएलआर 0.15 फीसदी घटाया, सस्‍ता होगा होमलोन

0

नई दिल्‍ली, 11 मार्च (हि.स.)। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बाद सार्वजनिक क्षेत्र और देश के सबसे बड़े स्‍टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने ब्‍याज दरों में कटौती की है। एसबीआई ने बुधवार को सीमांत लागत आधारित ब्याज दर एमसीएलआर में 0.15 फीसदी तक की कटौती की है। एक साल की अवधि के लिए 0.10 फीसदी की कटौती की है, जो 7.85 फीसदी से घटकर अब 7.75 फीसदी हो गई है।

उल्लेखनीय है कि बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2019-20 में लगातार 10वीं बार एमसीएलआर में कटौती की है। बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक नई दरें 10 मार्च से प्रभावी हो चुकी हैं। इसके अलावा बैंक ने एक दिन और एक महीने के लिए एमसीएलआर में 0.15 फीसदी की कटौती कर इसे 7.45 फीसदी कर दिया है, जबकि तीन माह अ‍वधि के लिए एमसीएलआर को 7.65 फीसदी से घटाकर 7.50 फीसदी तक कर दिया गया है। इसी तरह दो साल और तीन साल के एमसीएलआर को 0.10 फीसदी तक  घटाकर क्रमश: 7.95 फीसदी और 8.05 फीसदी कर दिया गया है। इससे पूर्व सोमवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भी अपने एमसीएलआर में 0.10 फीसदी की कटौती करने का ऐलान किया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *