पाकिस्तान : सुनहरी मस्जिद ने 23 साल बाद खोले औरतों के लिए दरवाजे

0

इस्लामाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान के पेशावर में स्थित ऐतिहासिक सुनहरी मस्जिद ने 23 साल बाद महिलाओं के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। शहर की महिलाओं ने इस कदम का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया है। साथ ही घोषणा के बाद ही शुक्रवार को 15-20 महिलाओं ने नमाज अदा की।

सुनहरी मस्जिद कंटोनमेंट इलाके के मेन सद्दर रोड पर स्थित है। मस्जिद के अधिकारियों ने बताया कि ईद पर भी महिलाओं को नमाज पढ़ने की अनुमति दी जाएगी। मस्जिद के इमाम मोहम्मद इस्माइल ने कहा है कि यह निर्णय जो अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले लिया गया है। इससे सदर और अन्य इलाकों की महिलाओं की सहूलियत होगी।

उल्लेखनीय है कि साल 1996 से पहले महिलाओं को मस्जिद के ऊपर वाले हिस्से में शुक्रवार की नमाज अदा करने की अनुमति थी। लेकिन इसी साल बढ़ते आतंकवाद के कारण महिलाओं के मस्जिद में आकर नमाज अदा करने पर  रोक लगा दी गई थी। इमाम ने बताया कि उन्होंने फिर से मस्जिद के ऊपरी हिस्से को महिलाओं के लिए खोल दिया है। वहीं शुक्रवार की नमाज में बेटियों के साथ भाग लेने वाली एक महिला ने बताया कि वह इस निर्णय से बहुत खुश है। यह एक अच्छा निर्णय है। यह अनुमति महिलाओं को रोज होने वाली नमाज में भी मिलनी चाहिए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *