एयरलाइन और क्रूज उद्योग के अधिकारियों से मिलेंगे अमेरिकी उप राष्ट्रपति

0

वॉशिंगटन, 03 मार्च (हि.स.)। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच व्हाइट हाउस इस सप्ताह एयरलाइन और क्रूज उद्योग के अधिकारियों साथ बैठकें आयोजित करेगा। कोरोना से निपटने के प्रशासन के प्रयासों की देखरेख कर रहे उप राष्ट्रपति माइक पेंस बुधवार को एयरलाइन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

उप राष्ट्रपति पेंस के एक प्रवक्ता के अनुसार प्रशासन और एयरलाइन के अधिकारियों ने कहा है कि अमेरिकन एयरलाइंस ग्रुप, यूनाइटेड एयरलाइंस होल्डिंग्स, साउथवेस्ट एयरलाइंस कंपनी और जेटब्लू एयरवेज के मुख्य कार्यकारी बैठक में शामिल होने वाले हैं। एयरलाइंस और ट्रम्प प्रशासन हफ्तों से चर्चा कर रहे हैं कि उड़ानों में कोरोना वायरस संक्रमित यात्रियों की पहचान करने के लिए सरकारी एजेंसियों को क्या करना चाहिए।

पेंस के कार्यालय के मुताबिक वह फ्लोरिडा में मुख्य क्रूजलाइनों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। गुरुवार को मिनेसोटा में 3एम के कंपनी के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। 3एम ने बताया कि पिछले हफ्ते बढ़ती मांग के कारण उसने एन95 रेस्पिरेटर मास्क के उत्पादन को बढ़ाना शुरू कर दिया था।

एशिया में बड़ी क्रूज लाइनों का संचालन रद्द कर दिया गया है। दुनिया भर में क्रूज़ उद्योग में एशिया का लगभग 10 फीसदी हिस्सा है। एक क्रूज जहाज डायमंड प्रिंसेस में सवार लोगों में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा संक्रमण पाया गया था। इसे बाद में जापान में रोका गया था। अमेरिकी एयरलाइंस की रिपोर्ट के हिसाब से यात्रियों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। एयरलाइंसों ने कोरोना वायरस संकट के बीच एशिया और इटली की उड़ानों में कटौती की है और अप्रैल के अंत तक चीन के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *