ट्रम्प आजाद भारत का दौरा करने वाले सातवें अमेरिकी राष्ट्रपति

0

नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। देश के आजाद होने के बाद से लेकर सात अमेरिकी राष्ट्रपति भारत आ चुके हैं। ट्रम्प से पहले ड्वाइट आइजनहावर, रिचर्ड निक्सन, जिम्मी कार्टर, बिल क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा भारत का दौरा कर चुके हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति ड्वाइट आइजनहावर 1959 में भारत की यात्रा पर आए थे। यह किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा थी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया और ताजमहल भी देखने गए थे। उस समय भारत के प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू थे। रिचर्ड निक्सन भारत के दौरे पर आने वाले दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपति थे। रिचर्ड निक्सन 1969 में भारत आए। उनका भारत दौरा, एशियाई दौरे का हिस्सा था। हालांकि, उन्होंने देश में सिर्फ 22 घंटे ही गुजारे। निक्सन भारत से लाहौर गए, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरे के दो साल बाद 1971 के युद्ध में अमेरिका, पाकिस्तान के साथ खड़ा हो गया।

निक्सन के दौरे के करीब नौ वर्ष बाद 1978 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जिम्मी कार्टर भारत आए। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने दिल्ली के नजदीक स्थित एक गांव का दौरा किया और एक टेलीविजन सेट गिफ्ट में दिया था। बाद में इस गांव का नाम कार्टरपुरी पड़ गया। उस समय देश के प्रधानमंत्री मोरारजी भाई देसाई थे।

कार्टर के दौरे के 20 साल से ज्यादा के अंतराल के बाद बिल क्लिंटन वर्ष  2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में भारत की यात्रा पर आए। यह अमेरिकी राष्ट्रपति की 20 साल से ज्यादा समय में पहली भारत यात्रा थी। इस यात्रा से पहले हुए कारगिल युद्ध (1999) में अमेरिका ने भारत का साथ दिया। यह पहली बार था जब अमेरिका ने भारत का पक्ष लिया था।

जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने साल 2006 में भारत का दौरा किया था। इस समय देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे। इसी दौरान भारत अमेरिका परमाणु करार की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया और भारत के लिए कई नए रास्ते खुले। ट्रंप से पहले लगातार दो बार अमेरिका के राष्ट्रपति रहे बराक ओबामा ने दो बार भारत की यात्रा की। पहली बार वह साल 2010 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शासनकाल में आए थे। दूसरी बार, साल 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को दिवसीय (24-25 फरवरी) की भारत यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे हैं। उनके साथ  यूएस के शीर्ष मंत्रियों और अधिकारियों के अलावा पत्नी मेलानिया ट्रम्प, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुश्नर भी हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *