चंडीगढ़ के पीजी में भीषण आग, 3 लड़कियां जिंदा जलीं

0

चंडीगढ़, 22 फरवरी (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में शनिवार की शाम एक पेइंग गेस्ट (पीजी) में आग लगने से तीन लड़कियां जिंदा जल गईं। जबकि दो लड़कियां गंभीर रूप से झुलस गई हैं। उन्हें जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सेक्टर-32 के मकान नंबर 3325 में पीजी चलाया जाता था। इसमें 30 से 35 लड़कियां रहती थीं। आशंका है कि पीजी में रखे फ्रिज में शॉट सर्किट होने से शनिवार की शाम करीब पांच बजे आग लग गई। छुट्टी होने के चलते कई लड़कियां घर गई हैं। हादसे के वक्त पीजी में छह लड़कियां थीं। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।

हादसा इतना भयानक था कि एक लड़की खुद को बचाने के लिए पहली मंजिल से कूद गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने पांच लड़कियों को गंभीर हालत में जीएमसीएच सेक्टर-32 पहुंचाया। वहां डाॅक्टरों ने तीन लड़कियों को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो का उपचार किया जा रहा है। मृतक लड़कियों में से दो की शिनाख्त 19 वर्षीय रिया और 18 वर्षीय साक्षी ग्रोवर के रूप में हुई है। फायर ब्रिगेड और पुलिस आग पर काबू पाने के बाद घटना की जांच कर रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *