चीन में कोरोना वायरस का कहर जारी, अब तक 1110 लोगों की मौत

0

वायरस के पंजे में फिलीपींस और हांगकांग भी, दोनों जगह एक-एक व्यक्ति की जान गई 



बीजिंग/नई दिल्ली, 12 फरवरी (हि.स.)। चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस का कहर बरप रहा है। कोरोना वायरस से अब तक यहां 1110 लोगों की जान चली गई। चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 42,638 लोग इसकी गिरफ्त में हैं।
उधर, चीन के बाहर करीब 30 स्थानों पर दो मौतों के साथ संक्रमण के 350 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। एक मौत फिलीपींस और दूसरी हांगकांग में हुई। जर्मनी, ब्रिटेन, इटली,  फ्रांस, रूस, स्वीडन, बेल्जियम, फिनलैंड और स्पेन में भी वायरस लोगों को शिकार बना रहा है।
इस बीच सार्स संकट के समय महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एपिडोमॉलिजस्ट झांग ननशांग ने आशंका व्यक्त की है कि यह विपदा मध्य फरवरी तक और बढ़ सकती है। पूरे चीन में करीब 16 करोड़ लोग अपने घरों में वापस लौट चुके हैं। उधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक टीम चीन पहुंच चुकी है। संगठन के प्रमुख ने आगाह किया है कि ऐसे थोड़े बहुत मामले बड़ी आग लगाने वाली चिंगारी बन सकते हैं। ऐसे में पूरे विश्व को सतर्कता बरतनी जरूरी है।
चीन के झेजियांग में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। चीन के सरकारी मीडिया ने ट्वीटर पर इसका एक वीडियो क्लिप जारी किया है। इसका शीर्षक दिया है- लकी बेबी। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी बच्चे को ‘भाग्यशाली’ बताया है। एक यूजर ने लिखा, वाह, भगवान का शुक्र है।
कोरोना वायरस के टीके को विकसित करने में दुनिया भर के वैज्ञानिक लगे हुए हैं। इंपीरियल कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं ने जीवाणु से तैयार टीके का परीक्षण चूहों पर किया है। अगले कुछ हफ्तों में चूहों पर मिले नतीजों के आधार पर तय कर पाएंगे कि दवा का कोरोना वायरस ग्रसित चूहों पर क्या असर हुआ है।
इस बीच भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि जापानी जहाज ‘डायमंड प्रिंसेस’ पर सवार 138 भारतीयों के संपर्क में है। जहाज पर कुल 3,711 लोग सवार हैं, जिसमें 130 संक्रमित हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हालात पर निकटता से नजर रखी जा रही है। एक वीडियो के जरिए इस पर सवार भारतीयों ने मदद की अपील की थी।
चीन की कम्युनिस्ट सरकार के एक थिंक टैंक ने कहा है कि साल 2020 में पूरे वर्ष के लिए देश की विकास दर में एक प्रतिशत का नुकसान हो सकता है। चीन के पिछड़ने का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। वित्तीय क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जेपी मार्गन ने अपने ग्राहकों को भेजे नोट में कहा है कि कोरोना वायरस ने चीनी अर्थव्यवस्था का सूरते हाल बदल दिया है। घटती बिक्री से परेशान 300 से अधिक चीनी कंपनियों ने 8.2 अरब डॉलर की मांग की है ताकि वे अपने नुकसान की भरपाई कर सकें। इनमें मोबाइल फोन निर्माता कंपनी शिओमी कॉर्प भी शामिल है।
चीन में उत्पादन गिरने और निर्यात में ठहराव आने से परेशान देश की कंपनियों ने अब कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू कर दी है। शिनचाओ ने 500 कर्मचारियों को हटाने का फैसला किया है। रेस्त्रां चेन झियेबी ने कहा है कि इस समय उसके सामने संकट करीब 20 हजार कर्मचारियों को वेतन देने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *