गार्गी कॉलेज में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ मामले की हो निष्पक्ष जांच : डूसू

0

नई दिल्ली, 10 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गार्गी कॉलेज के प्रधानाचार्य,  प्राध्यापकों तथा कॉलेज यूनियन से मिला। डूसू ने प्रधानाचार्य से एक समिति बनाकर छात्राओं के साथ कॉलेज फेस्ट में छेड़छाड़ की घटना की निष्पक्ष जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की मांग की है।

डूसे ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि कॉलेज फेस्ट में छात्र-छात्राओं की सिक्योरिटी सुनिश्चित हो तथा इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं की बिल्कुल पुनरावृत्ति न हो।

डूसू की सह-सचिव शिवांगी खरवाल ने कहा कि  गार्गी कॉलेज में हुई छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कॉलेज प्रशासन को शीघ्रतिशीघ्र इस संदर्भ में कड़े कदम उठाने की जरूरत है तथा पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि जिन छात्राओं के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। उनको न्याय दिलाने के लिए आरोपियों को शीघ्र चिन्हित किया जाए तथा उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई हो।

डूसू अध्यक्ष अक्षित दहिया तथा डूसू उपाध्यक्ष प्रदीप तंवर ने संयुक्त बयान में कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के कुछ कॉलेजों के फेस्ट में पहले भी छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया, यह प्रशासन की नाकामी है। दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि छात्राओं को सुरक्षा मिले। डीयू के अन्य कॉलेजों के जो फेस्ट आने वाले हैं उनमें कड़ी सिक्योरिटी की व्यवस्था की जाए। असामाजिक तथा अराजक तत्वों के खिलाफ प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी होगी।

उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय कॉलेज वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन छह फरवरी को कॉलेज छात्राओं ने प्रशासन से शिकायत की कि कॉलेज परिसर में दोपहर में बड़ी संख्या में बाहरी लोग जबरन घुस आये हैं। वह लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कसने के साथ ही उनके सामने आपत्तिजनक हरकतें करके परेशान करने लगे। छात्राओं को आरोप है कि इस पर कॉलेज प्रशासन ने उनकी कोई मदद नहीं की।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *