शिवसेना को हिंदुत्व से दूर कर रही कांग्रेस : चंद्रकांत पाटील

0

मुंबई, 05 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कांग्रेस पार्टी पर शिवसेना को हिंदुत्व से दूर करने का आरोप लगाया है। चंद्रकांत पाटील ने कहा कि इससे आगामी दिनों में राज्य में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

चंद्रकांत पाटील ने बुधवार को पुणे में पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस पार्टी सुनियोजित तरीके से राजनीतिक खेल खेल रही है, जिसे शिवसेना समझ नहीं पा रही है। पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कहते हैं कि उन्होंने हिंदुत्व नहीं छोड़ा है। पाटील ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ने हिंदुत्व नहीं छोड़ा है तो वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग वह क्यों नहीं कर रहे। पाटील ने कहा कि जिस तरीके से राज्य में राजनीतिक परिवर्तन हो रहा है, उससे आगामी दिनों में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को हिंदुत्व का लाभ मिल सकता है। चंद्रकांत पाटील ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों में आभास पैदा कर रही है कि मनसे अब हिंदुत्व का असली हकदार है।
चंद्रकांत पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक अखबार को दिए गए साक्षात्कार में कहा कि वह नागरिकता संशोधन अधिनियम(सीएए) का समर्थन करते हैं, जबकि राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) का विरोध करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने साक्षात्कार में कहा है कि सीएए किसी की नागरिकता लेने वाला कानून नहीं है, जबकि एनआरसी के लिए लोगों को नागरिकता का सबूत देना होगा, जो हिंदू समाज के अधिकांश लोगों को मुश्किल में डालने वाला साबित होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को सीएए का खुलकर समर्थन करना चाहिए और महाराष्ट्र में तत्काल इसे लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा व शिवसेना का गठबंधन बहुत पुराना है, इसी वजह से वह शिवसेना के लिए चिंतित हैं। शिवसेना को स्वत: इस संबंध में निर्णय लेना चाहिए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *