केजरीवाल ने 5 साल में केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति की : गडकरी

0

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को दिल्ली के जंगपुरा से भाजपा उम्मीदवार सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी और चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुमन कुमार गुप्ता के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने कार्यकाल में सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के अलावा कोई दूसरा काम नहीं किया।

नितिन गडकरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2014 में सरकार बनते ही दिल्ली के लिए कार्य करना शुरू किया। सड़क एवं परिवहन विभाग ने दिल्ली में 70 हजार करोड़ का विकास कार्य किया। जल एवं वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कड़े कदम उठाए। दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए हाईवे बनवाए और 164 किमी तक मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया है। इन कार्यों का सीधा फायदा जनता को मिला और भाजपा सरकार ने जो कहा वो किया लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पिछले पांच सालों में दिल्ली के अंदर कोई नया काम नहीं किया।
गडकरी ने कहा कि यमुना हमारी वैदिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जिसका जिक्र वेदों-पुराणों में है लेकिन कितने दुख की बात है कि दिल्ली की यमुना में यमुना पानी है ही नहीं बल्कि नालों का पानी है। केजरीवाल नालों के पानी को यमुना में जाने से रोकने में असफल रहे हैं। केजरीवाल बताएं उन्होंने पांच साल तक दिल्ली की जनता से झूठ बोलने के अलावा और क्या किया?
गडकरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की झूठ की राजनीति से पर्दा उठ गया है। षड्यंत्र कर दूसरों को बदनाम करने की राजनीति लोकतंत्र के लिए घातक है। झूठ की राजनीति की उम्र लंबी नहीं होती, इसलिए दिल्ली ने तय कर लिया है कि अब जनता न तो कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को चुनेगी और न ही झूठे वादों वाली आप सरकार को। ये दोनों पार्टियां अपने-अपने कार्यकाल में पूरी तरह से फेल हो चुके हैं। दिल्ली अब आठ फरवरी को विकास के रास्ते पर चलने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत से चुनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *