कोरोना वायरस से चीन में अब तक 492 लोगों की मौत

0

हांगकांग से क्रूज शिप से जापान पहुंचे 10 लोग संक्रमित चीन से लौटे मणिपुर के नागरिक को स्वाइन फ्लू -एयर इंडिया ने दिल्ली- हांगकांग फ्लाइट पर 8 फरवरी से रोक लगाई



बीजिंग/टोक्यो/नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। चीन में जानलेवा कोरोना वायरस का कहर जारी है। चीन सरकार के ताजा आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से अब तक 492 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा जापान में एक क्रूज शिप पर सवार करीब 10 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उधर, कोरोना वायरस भारत में भी पांव फैला रहा है। राजस्थान के जयपुर में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका में तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए चीन वुहान में बुधवार को एक और अस्पताल तैयार कर सकता है। यह अस्पताल 1300 बेड वाला होगा। इससे पहले चीन रिकॉर्ड नौ दिनों में 1000 बेड वाला एक अस्पताल शुरू कर चुका है। अब तक 24,324 से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
इस बीच जापान में एक क्रूज शिप पर सवार करीब 10 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। यह जहाज हांगकांग से जापान के योकोहामा पहुंचा। जापान के स्वास्थ्य मंत्री कासूनोबू ने बताया कि संक्रमित लोगों को अस्पताल भेजा गया है। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशीहाइड सुगा ने बताया कि वायरस का प्रसार न हो इसके लिए सतर्कता बरतते हुए क्रूज जहाज पर सवार सभी 2700 लोगों को अलग रखा गया है।
भारत के मणिपुर में कोरोना वायरस के संदेह में पुणे भेजे गए छह सैंपल में से दो में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। यह जानकारी मणिपुर के स्वास्थ्य सेवा निदेशक के. राजो ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि पुणे भेजे गए छह सैंपल में से अब तक तीन की रिपोर्ट मिल गई है। इनमें किसी में भी कोरोना वायरस नहीं मिला लेकिन दो में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। पीड़ितों में से एक ने हाल ही में चीन का दौरा किया था। दूसरा पीड़ित व्यक्ति पहले वाले के संपर्क में आने से स्वाइन फ्लू से पीड़ित हुआ है। राजो ने बताया कि कोरोना वायरस की स्क्रीनिंग के लिए इंफाल एयरपोर्ट समेत राज्य में पांच जगह केंद्र खोले गए हैं। वहीं पड़ोसी राज्य मिजोरम में भी म्यांमार सीमा के रास्ते राज्य में आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन कोरोना वायरस को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है। भारत ने अपने नागरिकों को चीन से बुलाना शुरू कर दिया है। कोरोना वायरस की भयावहता की वजह से एयर इंडिया ने 8 फरवरी से दिल्ली-हांगकांग की उड़ानों पर रोक लगा दी है। एयर इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने ट्वीट किया है कि सात फरवरी को उड़ान संख्या ए1314 के बाद एयर इंडिया की हांगकांग सेवाएं स्थगित रहेंगी। इससे पहले इंडिगो भारत-चीन की उड़ानों को स्थगित कर चुकी है। एयर इंडिया ने भी दिल्ली- शंघाई फ्लाइट्स रोक दी हैं।
केरल में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने सीमाई जिलों दक्षिण कन्नड़, कोडागू, चामराजनगर और मैसूर में निगरानी बढ़ा दी है। राज्य सरकार के अनुसार मंगलवार रा तक ऐसे 63 लोगों की पहचान की गई जो कोरोना वायरस से प्रभावित देश से वापस आए हैं। इनमें से 58 को उनके घरों में अलग-थलग रखा गया हैं। चार लोग देश से बाहर जा चुके हैं। एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, केरल के कोरोना वायरस को राज्य आपदा घोषित करने के बाद पर्यटकों में हड़कंप मचा हुआ है। हजारों लोगों होटलों की बुकिंग रद्द करा दी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *