श्रीनगर: लाल चौक पर ग्रेनेड हमला, सीआरपीएफ जवान व दो स्थानीय लोग घायल

0

सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर आतंकियों की खोजबीन शुरू की, वाहनों की तलाशी



जम्मू, 02 फरवरी (हि.स.)। श्रीनगर में कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को लाल चौक स्थित प्रताप पार्क में एक बार फिर सीआरपीएफ कर्मियों पर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में सीआरपीएफ का एक जवान व दो नागरिक घायल हुए हैं। ग्रेनेड फेंककर आतंकी मौके से फरार हो गए।

जिले के लाल चौक स्थित प्रताप पार्क में तैनात सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड गिरते ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान हमले में घायलों को सुरक्षाबलों ने नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। आतंकी हमला कर मौके से फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर आतंकियों की खोजबीन शुरू कर दी है। नाके लगाकर वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है।
इससे पहले 8 जनवरी को श्रीनगर के हबाब चौक पर संदिग्ध आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया था। इसमें एक युवक घायल हो गया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *