भारत ने बाढ़ग्रस्त मेडागास्कर को सौंपी राहत सामग्री

0

अंतानानारिवो, 01 फरवरी (हि.स.)। मेडागास्कर में भारत के राजदूत अभय कुमार ने बाढ़ ग्रसित मेडागास्कर को मदद करने के लिए राहत सामग्री प्रधानमंत्री क्रिस्टियन टीसे को सौंप दी।  बाढ़ ग्रसित अफ्रीकन देश को मदद करने का नई दिल्ली का यह एक प्रयास है।

इस राहत सामग्री में खाद्य पदार्थ, कपड़े और अन्य जरूरी सामान है। यह सामान पोर्ट ऑफ अंतसीरानाना पर भारतीय नौसेना के जहाज ऐरावत से लाया गाया। टीसे ने यह सामग्री भारतीय राजदूत से कमांडर सुनील सनकार, आइएनएस ऐरावत और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में अंतसीरानाना पोर्ट पर हुए कार्यक्रम में ली।

मेडागास्कर में हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण ऐरावत को मेडागास्कर की ओर मोड़ दिया गया। राहत सामग्री में चावल, दाल, चाय, खाना पकाने का तेल, आटा, चॉकलेट, दूध का पाउडर, जूते, कंबल के अलावा भारी मात्रा में दवाइयां भी इसमें शामिल हैं।

इस अवसर पर कुमार ने कहा कि भारत जरूरत के इस समय पर मेडागास्कर के साथ खड़ा है। हम दोनों सागर के माध्यम से एक दूसरे के साथ जुड़े हैं। ऐरावत को मेडागास्कर की ओर मोड़ देना इस बात को साबित करता है।

भारत हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ खड़ा रहा है और हमेशा ऐसा ही करता रहेगा। जब भी प्रकृतिक आपदा आती है तो हम मदद प्रदान करने वाले पहले साथी होते हैं।

भारत की इस मदद के लिए टीसे ने आभार जाताया। उन्होंने कहा कि यह क्षण दोनों देशों के बीच अच्छे संबेधों को दर्शाता है। हम दोनों देशों के बीच भाईचारे, एकजुटता, दयालुता को बयान करने में गौरान्वित महसूस कर रहे हैं।

इस समारोह में वरिष्ठ सेना अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल के लोग भी शामिल हुए। ऐरावत रविवार को अंतसीरानाना से रवाना होगा।

उल्लेखनीय है कि मेडागास्कर में चक्रवात डायने से लगभग एक लाख लोग प्रभावित हैं। यह चक्रवात लगभग एक सप्ताह पहले आया था। इससे बड़े पैमाने भूस्खलन हुए तथा बाढ़ आ गई है। मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अनुरोध किया है कि वे देश को हर संभव मदद करने के लिए आगे आएं। वनीला ऑपरेशन के अंतर्गत ऐरावत ने मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन शुरू किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *