मेरठ, 01 फरवरी (हि.स.)। यूपी एटीएस की टीम ने शनिवार को पंजाब से वांछित शातिर अपराधी आशीष कुमार को मेरठ से गिरफ्तार किया है। वह खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के मुखिया हरमीत सिंह उर्फ पीएचडी और उसके दाहिने हाथ गुगनी ग्रेवाल को हथियार सप्लाई करता था। एटीएस उसे गिरफ्तार करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंपेगी।
एटीएस के एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर ने बताया कि पकड़ा गया आशीष कुमार मेरठ के जानी थाना क्षेत्र ग्राम टिकरी का रहने वाला है। इस समय वह हरिद्वार के सिविल लाइन में पुलिस से छिपकर रह रहा था। पकड़े गए अभियुक्त आशीष ने बताया कि पटियाला जेल में सजा काटने के दौरान उसकी मुलाक़ात मोहाली निवासी गुगनी ग्रेवाल, सुखवीर सिंह उर्फ सुक्खा, रिची और संगरुर निवासी हैप्पी से हुई और बाद में इनसे गहरी दोस्ती हो गयी। 2014 में जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद सुखबीर ने उससे पांच पिस्टल और 32 बोर के तमंचे मांगे। उसने अपने साथी शाहील की मदद से तीन पिस्टल उपलब्ध कराये। 2016 में गुगनी ने आशीष से 12 पिस्टल मांगे जिस पर उसने 32 बोर के 4 पिस्टल बेचे। इसके बाद सुख्खा को 2 पिस्टल बेचे।
इसके बाद वह खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के मुखिया को अवैध हथियार सप्लाई करने लगा था। हरमीत सिंह उर्फ हैप्पी पीएचडी छेहरता, अमृतसर का निवासी है और वह दो वर्षों से पाकिस्तान में रह रहा था। 27 जनवरी, 2020 को उसकी डेरा डेरा चाहेल गुरुद्वारा लाहौर पाकिस्तान में हत्या कर दी गई। अगस्त 2016 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेता ब्रिगेडियर रिटायर्ड जगदीश कुमार गगनेजा (आरएसएस उप प्रमुख पंजाब) की हत्या में उसे आरोपित किया गया था। इसके अलावा शिवसेना नेता अमित अरोरा आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता लुधियाना निवासी नरेश कुमार पर हुए हमले में भी हरमीत सिंह की भूमिका पाई गई। उसके द्वारा आरएसएस के नेताओं की हत्या की साजिश पाकिस्तान में बैठकर रची जाती थी।
एटीएस के मुताबिक 23 नवम्बर 2019 को पंजाब पुलिस ने सुखप्रीत सिंह उर्फ बुद्धा को गिरफ्तार किया था। वह चंडीगढ़ का कुख्यात गैंगस्टर है और उस पर हत्या, सुपारी लेकर मर्डर करना, लूट, रंगदारी समेत 20 मुकदमे थे। पूछताछ में उसने पंजाब पुलिस को बताया था कि उन लोगों को मेरठ का रहने वाला युवक आशीष कुमार हथियार सप्लाई करता है। इसके बाद पंजाब पुलिस ने एटीएस को इसकी जानकारी दी जिसके बाद एटीएस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे शनिवार की दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।