दिल्ली विधान सभा चुनाव में पुरबियों को लुभाने पहुंचे यूपी सरकार के दो मंत्री

0

रेल राज्यमंत्री रह चुके मनोज सिन्हा भी कर चुके हैं 28 नुक्कड़ सभाएं
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने कहा, केजरीवाल नहीं, फर्जीवाल कहिए



लखनऊ, 29 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पुरबियों को लुभाने के लिए भी भाजपा एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। इसके लिए यूपी के दो मंत्री पहले से ही खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेन्द्र तिवारी और बेसिक शिक्षा मंत्री डाक्टर सतीश द्विवेदी पहले से ही डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा केन्द्र सरकार में रेल राज्यमंत्री रह चुके मनोज सिन्हा भी लगातार नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। इसके अलावा कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के भी चुनाव प्रचार में जाने की संभावना जताई जा रही है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा की अब तक 10 विधानसभा क्षेत्रों में 28 नुक्कड़ से अधिक सभाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा कई विधानसभा क्षेत्रों में वे पदयात्रा भी कर चुके हैं। उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि दिल्ली की जनता केजरीवाल के झूठ से उब चुकी है। यहां लोग भाजपा की तरफ देख रहे हैं। निश्चय ही लोग यहां भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट करेंगे। लोगों का उत्साह इस बात को प्रदर्शित कर रहा है कि भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी होने से कोई रोक नहीं सकता।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेन्द्र तिवारी एक दर्जन से ज्यादा नुक्कड़ सभाएं कर चुके हैं। उनकी नुक्कड़ सभाएं बाबरपुर, बल्लीमारन,चांदनी चौक, माडल टाउन, गोकुलपुर आदि विधानसभा क्षेत्रों में हो चुकी है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ को बताया कि दिल्ली की जनता का मूड देखकर समझ में आ रहा है कि केजरीवाल से आमजन उब चुका है। इस बार उसको जनता उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का असली नाम फर्जीवाल होना चाहिए।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डाक्टर सतीश द्विवेदी ने मंगलवार को सीलमपुर विधानसभा में पदयात्रा की थी। बुधवार को तीमारपुर विधानसभा में पदयात्रा करने के लिए सुबह ही निकले थे। उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि दिल्ली की जनता केजरीवाल के झूठ से थक चुकी है। इस बार वह सत्ता को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने बताया कि गलियाें में घुमने के बाद लग रहा है कि आमजन केजरीवाल को सिर्फ बड़बोले के रूप में देखती है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *