हेमंत सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार, झामुमो के पांच व कांग्रेस के दो मंत्री बने

0

संभावना है कि झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले दो विधायकों में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है। 



रांची, 28 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पहला मंत्रिमंडल विस्तार गया। मंगलवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सात नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता दिलायी। शपथ लेने वाले में मंत्रियों में पांच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और दो कांग्रेस के हैं। मंत्रिमंडल में अभी एक पद खाली है। संभावना है कि झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले दो विधायकों में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह का प्रारंभ राष्ट्रगान से शुरू हुआ। सिर्फ एक मंत्री हाजी हुसैन अंसारी को छोड़कर सभी ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। सबसे पहले मंच पर चंपई सोरेन का नाम पुकारा गया और राज्‍यपाल ने चंपई सोरेन को शपथ दिलाई। इसके बाद हाजी हुसैन अंसारी ने उर्दू भाषा में शपथ ली। हाजी हुसैन के बाद जगरनाथ महतो ने मंत्री पद की शपथ ली। हेमंत मंत्रिमंडल पर पहली महिला मंत्री के तौर पर जोबा मांझी ने शपथ ली। मांझी के बाद बन्‍ना गुप्‍ता, बादल पत्रलेख और मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। जगरनाथ महतो, बादल पत्रलेख तथा मिथिलेश कुमार ठाकुर पहली बार मंत्री बने हैं।

गौरतलब है कि 29 दिसम्बर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ के साथ ही तीन मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।जिनमें कांग्रेस से रामेश्वर उरांव और आलमगीर आलम और एक राजद से सत्यानंद भोक्ता शामिल थे। अब हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में कुल 11 मंत्री हो गये हैं। हालांकि मुख्यमंत्री सोरेन सहित मंत्रिमंडल में 12 लोग शामिल हो सकते हैं। अभी एक मंत्री पद को खाली रखा गया है। यह पद कांग्रेस के हिस्से का है। अभी हाल में झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के दो विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इनमें से किसी एक को मंत्री पद देने के वादे के साथ पार्टी में शामिल कराया गया है। इसके मद्देनजर ही एक पद को रिक्त रखा गया है।

राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित समारोह में मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश उपप्रभारी उमंग सिंघार मौजूद रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *