विकास के लिए दिल्ली में भी भाजपा की सरकार जरूरी : मनोज तिवारी

0

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने लगायी ट्विटर चौपाल, कई सवालों के दिये जवाब



नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.) । दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने रविवार को विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए ट्विटर चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ट्विटर के जरिए पूछे गए लोगों के कई सवालों के जवाब दिये। एक सवाल पर तिवारी ने कहा कि दिल्ली प्रदेश के विकास के लिए यहां भी भाजपा की सरकार जरूरी है। केंद्र में भाजपा की सरकार है और जब दिल्ली प्रदेश में भी भाजपा की सरकार होगी तो यहां का विकास तेज गति से होगा।
सांसद तिवारी ने रविवार को ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र के जमरूदपुर में ट्विटर चैपाल लगायी। तिवारी ने कहा कि इस चौपाल का एक मात्र उद्देश्य लोगों को यह बताना है कि दिल्ली में विकास के लिए दो इंजन वाली सरकारी की जरूरत है। केंद्र में भाजपा सरकार पहले से है और अब दिल्ली प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बन जाये तो यहां का विकास तेजी से होगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले पांच सालों से केजरीवाल सरकार है, जिसने विकास पर ध्यान न देकर अपना पूरा कार्यकाल सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की आलोचना में बिता दिये। यह पहली बार देखा गया कि एक मुख्यमंत्री काम करने के बाजाए धरना-प्रदर्शन पर ध्यान देता है। तिवारी ने केजरीवाल से पूछा कि पिछले साढ़े चार सालों में आप जनता से यह कह रहे थे कि प्रधानमंत्री मोदी और राज्यपाल हमें काम नहीं करने दे रहे हैं और अब  चुनाव सिर पर खड़ा है तो बोल रहे हो कि अच्छा बीता पांच साल। यह दोनों काम कैसे हो सकता है।
तिवारी से पहला सवाल दिल्ली निवासी करन सिंह शेखावत ने सवाल पूछा कि इस बार भाजपा को विधानसभा चुनाव में कितनी सीटें मिलेंगी।  तिवारी ने कहा कि अभी तक सर्वे बता रहा है कि भाजपा 45 सीटें जीत रही है, लेकिन जबसे जदयू और लोजपा साथ आयी हैं तो यह आंकड़ा 45 से भी ज्यादा हो सकता है।
दूसरा सवाल अंकिता ने पूछा कि अगर भाजपा की सरकार बनती है तो प्रदूषण एवं जनसंख्या कम करने के लिए पार्टी की क्या योजना है? तिवारी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पहले साल में दिल्ली के अंदर 60 स्मॉग टावर लगाकर वायु प्रदूषण को 70 प्रतिशत तक कम कर देंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी सवाल किये गए, जिस पर तिवारी ने जवाब दिया कि हमारा चेहरा कमल है। हम प्रधानमंत्री मोदी की विकास नीतियों को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमें एक अच्छा शासन वाली सरकार पर ध्यान देना है, न कि मुख्यमंत्री कौन है, उस पर।
महिला सुरक्षा के सवाल पर तिवारी ने कहा कि महिला सुरक्षा भाजपा के लिए प्रमुख मुद्दा है। सरकार बनते ही सबसे पहले निर्भया के दोषियों को फांसी के फंदे तक चढ़ाना है।
शाहीन बाग में चल रहे विरोध प्रदर्शन के सवाल पर सांसद तिवारी ने कहा कि पुलिस यह प्रदर्शन एक दिन में ही खत्म कर सकती है, लेकिन वहां प्रदर्शनकारियों ने बच्चों और महिलाओं को आगे कर दिया है। इसकी वजह से पुलिस को कार्रवाई करने में दिक्कत हो रही है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *