शाहीन बाग प्रदर्शन के जरिए अराजकता फैला रहीं आप और कांग्रेस : भाजपा

0

नई दिल्ली, 23 जनवरी (हि.स.) । भाजपा ने दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले 40 दिनों से नागिरकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ जारी प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कहा है कि दोनों दल इन विरोध-प्रदर्शनों के जरिए समाज में अराजकता फैला रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और राज्यसभा सदस्य विजय गोयल ने प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी प्रवक्ता पात्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर हमला बोला और कहा कि ये दोनों नेता शाहीन बाग में पिछले 15 दिसम्बर से पर्दे के पीछे रहकर आग लगाने का काम कर रहे थे, लेकिन आज आखिरकार सत्य उनके मुंह से निकल ही गया। एक टीवी चैनल से बातचीत में सिसोदिया ने स्वीकार किया कि शाहीन बाग में विरोध प्रदर्शन का वह समर्थन करते हैं। पात्रा ने कहा कि जो अराजक हैं वो अराजक के साथ ही खड़े होते हैं। केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी स्वघोषित अराजक हैं। आज इन लोगों ने उस पर मुहर भी लगा दी। शाहीन बाग में जो प्रदर्शन हो रहा वह उच्चकोटि की अराजकता है और इसके जरिए ‘शाही भ्रम’ फैलाया जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पात्रा ने कहा कि शाहीन बाग प्रदर्शन को लेकर सिसोदिया की स्वीकारोक्ति यह साबित करती है कि उन्होंने एक तरह से केजरीवाल की ही मंशा प्रकट की है। उन्होंने कहा कि बिना केजरीवाल की सहमति के सिसोदिया एक शब्द भी नहीं बोल सकते। अगर बोलेंगे तो उनका भी हश्र वही होगा जो प्रशांत भूषण और आशुतोष का हुआ था। उन्होंने केजरीवाल से पूछा कि आप शाहीन बाग के समर्थन में हैं, लेकिन सरिता विहार, जासोला और मदनपुर खादर के साथ क्यों नहीं खड़े हैं। इन प्रदर्शनों के कारण स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पात्रा ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण 15 से 20 लाख लोग रोज प्रभावित हो रहे हैं। इसका जवाब केजरीवाल को देना होगा। शाहीन बाग में भ्रम फैलाकर विदेशी मीडिया के सामाने देश को बदमान किया जा रहा है। उन्होंने केजरीवाल द्वारा 26 जनवरी की परेड रोकने के मुद्दे की चर्चा करते हुए कहा कि इससे पहले भी केजरीवाल ने 26 जनवरी परेड को रोकने की कोशिश की थी और अब फिर से शाहीन बाग प्रदर्शन के जरिए रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा जिस प्रकार से शाहीन बाग में देश विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं, वह आश्चर्यजनक हैं। वर्ष 1947 में पंडित नेहरू और जिन्ना के चलते देश का बंटवारा हो चुका है। प्रदर्शनकारियों की इच्छा यदि धर्म के आधार पर देश का बंटवारा करने की है तो यह भाजपा कभी पूरा नहीं होने देगी।
सांसद विजय गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लोगों का एक विशेष वर्ग वोटबैंक के चक्कर में लोगों को गुमराह कर रहा है। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) अपडेशन की प्रक्रिया देश में हर 10 साल में होती है, फिर इसका विरोध क्यों? उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के लोगों के पास सीएए के बारे में तर्क देने के लिए कुछ भी नहीं है तो उसमें राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को जोड़ा दिया है। जबकि, केंद्र सरकार ने साफ किया है कि अब एनआरसी लाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *