समुद्री डाकुओं ने नाइजीरिया तट पर रिहा किए 19 भारतीय

0

एक भारतीय की इनकी कैद में मौत हो चुकी है। भारतीय उच्चायोग ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। 



अबुजा, 19 जनवरी (हि.स.)। समुद्री डाकुओं ने अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास से पिछले महीने दिसम्बर में वाणिज्यिक पोत से अगवा किए गए 19 भारतीयों को शनिवार को नाइजीरिया तट पर रिहा कर दिया। एक भारतीय की इनकी कैद में मौत हो चुकी है। भारतीय उच्चायोग ने रविवार को यहां यह जानकारी दी।
अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास पोत एमटी ड्यूक से 15 दिसम्बर को चालक दल के 20 भारतीय सदस्यों को समुद्री डाकुओं ने अगवा किया था। अबुजा में भारतीय उच्चायोग ने रविवार को ट्वीट किया है कि 19 भारतीय नागरिकों को शनिवार को रिहा कर दिया गया। डाकुओं के ‘प्रतिकूल स्थितियों’ में कैद में रखे जाने के कारण एक भारतीय की मौत हो गई।
इस बीच भारत ने अगवा भारतीयों की रिहाई में सहयोग के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों का आभार जताया है। उच्चायोग ने ट्वीट किया है कि भारत सरकार और उच्चायोग ने एमवी ड्यूक से 15 दिसम्बर को अगवा किए गए 20 भारतीय नाविकों की रिहाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और नाइजीरिया सरकार के साथ मिलकर काम किया। दुखद है कि प्रतिकूल परिस्थितियों में कैद एक भारतीय की मौत हो गई। हमारी गहरी संवेदनाएं। दूतावास उनकी तेजी से वापसी की कोशिश कर रहा है। अबुजा में भारतीय उच्चायोग ने इस मुद्दे को नाइजीरियाई अधिकारियों और पड़ोसी देशों के समक्ष भी उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *