पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री के पोते आदर्श ने छोड़ी आप, कांग्रेस में शामिल

0

नई दिल्ली, 18 जनवरी (हि.स.)। द्वारका से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक आदर्श शास्त्री शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। शास्त्री ने राष्ट्रीय महासचिव पीसी चाको और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। आदर्श, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते हैं।
आदर्श ने अरविंद केजरीवाल पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह विधायकों को समय नहीं देते हैं। टिकट बंटवारे को केजरीवाल ने कारोबार बनाकर रखा है। सही मायने में आम आदमी पार्टी में कहीं ईमानदारी नहीं है। उन्होंने केजरीवाल को खुले मंच से चुनौती दी कि वह नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) पर अपना रुख स्पष्ट करें।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आदर्श शास्त्री की घर वापसी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। अब यह साबित हो गया है कि भ्रष्टाचार को मिटाने, स्वराज एवं लोकपाल के नाम पर दिल्ली की सत्ता में आए केजरीवाल खुद ही भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *