जाने क्यों नहीं देखा मेघना गुलजार की मां और दिग्गज अभिनेत्री राखी ने ‘छपाक’ का प्रीमियर

0

दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म ‘छपाक’ को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की सराहना मिली है। दीपिका पादुकोण और विक्रांत मैसी की मुख्य भूमिकाओं वाली यह फिल्म एसिड हमलों के मुद्दे पर प्रकाश डालती है। मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित ‘छपाक’ एसिड हमले की एक पीड़िता के जीवन पर आधारित है। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने फिल्म में एक एसिड अटैक सर्वाइवर की भूमिका निभाई है, जिसका नाम मालती है। फिल्म में उनका किरदार एसिड अटैक सर्वाइवर और मोटिवेशनल स्पीकर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन से प्रेरित है। मेघना गुलजार ने पहले भी फिल्म ‘तलवार’ और ‘राजी’ असली जिंदगी से जुड़ी घटनाओं को लेकर बनाई गई थी। फिल्म के निर्देशक मेघना गुलजार की मां दिग्गज अभिनेत्री राखी को ‘छपाक’ की सफलता पर गर्व महसूस कर रही हैं। लेकिन राखी ने फिल्म का प्रीमियर नहीं देखा है, जो मेघना गुलजार के करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था। उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसके पीछे भी कारण है। दिग्गज अभिनेत्री का कहना है कि वह रिलीज डेट पर जनता के साथ फिल्म देखना चाहती थी। क्योंकि वह मानती है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया सबसे ईमानदार होती है।

अपने जमाने की बेहद खूबसूरत अभिनेत्री राखी ने बताया है कि उन्होंने थिएटर में फिल्म देखी है। वह हॉल में कई युवाओं को देखकर खुश थी, जो ध्यान से फिल्म देख रहे थे। उनकी प्रतिक्रिया को देखने के लिए वह अपने स्टाफ को भी साथ ले गई थी। राखी ने अपनी बेटी बोस्की (मेघना) के बारे में बात करते हुए कहा कि उसने जो हासिल किया है, वह आसान नहीं है और उसने कहानी को सच बनाकर सिनेमाई बना दिया। 10 जनवरी को रिलीज हुई दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘छपाक’ ने पहले दिन 4.77 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म ‘छपाक’ ने सोमवार को 2 से 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस हिसाब से फिल्म ने चार दिनों में 20.67 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है। दीपिका पादुकोण फिल्म की अभिनेत्री के साथ-साथ इसकी प्रोड्यूसर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *