बेगूसराय में दो हिस्सों में बंट गई तिनसुकिया एक्सप्रेस, बड़ा हादसा टला

0

ट्रेन स्टेशन से स्टार्टिंग में रहने के कारण जान माल की किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।



बेगूसराय, 12 जनवरी (हि.स.)। बरौनी-कटिहार रेल खंड के बेगूसराय स्टेशन पर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक बड़ा हादसा टल गया। यहां तिनसुकिया एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंट गई। हालांकि तुरंत ही पता चल जाने के कारण इंजन सहित आगे बढ़ी बोगी को रोका गया और दोनों हिस्सों को जोड़कर ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई। इस दौरान करीब दो घंटा 30 मिनट तक ट्रेन बेगूसराय में खड़ी रही तथा डाउन लाइन पर परिचालन ठप रहा। ट्रेन स्टेशन से स्टार्टिंग में रहने के कारण जान माल की किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

13282 राजेन्द्र नगर-तिनसुकिया एक्सप्रेस रात 7:56 बजे बेगूसराय स्टेशन पर पहुंची और अपने निर्धारित दो मिनट स्टॉपेज के बाद आगे बढ़ गई। उस समय एस-5 और एस-6 बीच का कपलिंग टूट गया। इसके कारण ट्रेन एस-5 समेत अन्य बोगी को लेकर आगे बढ़ गई जबकि शेष बोगियां झटका खाकर रुक गईं। झटका लगते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई तथा सिपाही बहाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों से खचाखच भरे प्लेटफार्म नंबर-दो पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही रेल महकमे में भी हड़कंप मच गया तथा उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। उसके बाद बरौनी से पहुंची टीम ने काफी कोशिश के बाद कपलिंग को जोड़ने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इधर घटना की जांच पड़ताल चल रही है। कपलिंग कैसे टूटी, इस संबंध में अभी रेल अधिकारी कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *