लंदन :प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल ने छोड़े शाही पद

0

प्रिंस हैरी ने इस बारे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से कोई चर्चा नहीं की है।



लंदन, 09 जनवरी (हि.स.)। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्केल ने सभी शाही पदों को त्याग दिया है। उनके इस कदम से ब्रिटिश साम्राज्य सकते में आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस हैरी ने इस बारे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से कोई चर्चा नहीं की है।

चौंका देने वाले इस फैसले के बाद शाही जोड़े ने कहा कि वह अब उत्तरी अमेरिका में अपना समय बिताएंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों ने ये कदम दादी क्वीन एलिजाबेथ और पिता प्रिंस चार्ल्स से सलाह किए बिना उठाया है।

शाही जोड़े ने कहा ‘‘ हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं और इस दौरान महारानी को हमारा पूरा सहयोग मिलता रहेगा । इस भौगोलिक संतुलन से हमें अपने बेटे को शाही तरीकों के साथ जिसमें उनका जन्म हुआ था, पालने में मदद मिलेगी। इससे हमें समय भी मिलेगा जिससे हम जीवन के नए अध्याय पर केंद्रित हो सकेंगे और अपनी नई चैरिटेबल संस्था को भी लॉन्च कर सकें।

बकिंघम पैलेस द्वारा जारी बयान में कहा गया, हैरी और मेगन के साथ उनके निर्णय को लेकर बातचीत हुई, हालांकि ये चर्चा ‘शुरुआती स्तर पर’ थी। हम एक अलग दृष्टिकोण अपनाने की उनकी इच्छा को समझते हैं, लेकिन ये जटिल मुद्दे हैं, जिनपर काम करने में समय लगेगा। इस बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि बकिंघम पैलेस भी प्रिंस हैरी के इस निर्णय से खुश नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि मई 2018 में हैरी और मेगन की शादी हुई थी। इसके बाद दोनों को ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स का खिताब दिया गया था। मई 2019 में मेगन ने अपनी पहली संतान आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर को जन्म दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *