दरभंगा सीट पर राजद की दावेदारी को लेकर कांग्रेस नाराज, शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में ज्वाइनिंग टली

0

दिल्ली में डटे हैं बिहार के बड़े कांग्रेसी नेता
पटना, 28 मार्च (हि.स.)। विपक्षी गठबंधन में कम सीटें मिलने से कांग्रेस पहले ही नाराज चल रही है, इस बीच गुरुवार को दरभंगा सीट पर राजद उम्मीदवार अब्दुल बारी सिद्दिकी को सिंबल दिये जाने की सूचना ने कांग्रेस की बैचेनी बढ़ा दी है। कांग्रेस दरभंगा सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहती है। उधर, भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल हाेेने का मामला भी टलता दिख रहा है।
दरभंगा सीट पर उम्मीदवारी को लेकर विपक्षी गठबंधन में संशय बना हुआ है। कांग्रेस के कीर्ति आजाद, राजद के अब्दुल बारी सिद्दिकी, वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी और राजद के परम्परागत उम्मीदवार अली अशरफ फातमी में से कौन उम्मीदवार होगा, इस पर पर्दा पड़ा हुआ है। अभी भी इस सीट को लेकर सहमति बनती नहीं दिख रही है।
बिहार कांग्रेस के सभी बड़े नेता फिलहाल दिल्ली में हैं और राहुल गांधी के साथ उनकी बैठक चल रही है। इसी वजह से शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर भी संशय बन गया है। गुरुवार को शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल होनेवाले थे। उनकी तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा भी की गई थी। लेकिन फिलहाल सिन्हा के कांग्रेस ज्वाइन करने की बात टलती दिख रही है।
उल्लेखनीय है कि 2014 के चुनाव में भाजपा के टिकट से जीतकर सांसद बने कीर्ति आजाद कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। राजद दरभंगा से अपना उम्मीदवार उतारना चाहता है लेकिन कांग्रेस यहां से कीर्ति आजाद को चुनाव लड़ाना चाहती है। कांग्रेस ने आजाद को दरभंगा से टिकट देने का भरोसा भी दिया था। इसी के चलते विवाद बना हुआ है। राजद ने कांग्रेस को दरभंगा के बदले वाल्मिकीनगर से अपना उम्मीदवार उतारने को कहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *