वर्ल्ड बैंक की 10 बड़ी अर्थव्यवस्था में भारत, पाकिस्तान बहुत पीछे

0

वाशिंगटन/नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। भारतीय अर्थव्यवस्था ने वैश्विक स्तर पर अपना परचम लहरा दिया है। विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की 10 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक हुई है। अर्थव्यवस्थाओं का ये चयन उनके विश्व अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी के आधार पर किया गया है। भारत के मुकाबले पाकिस्तानी अर्थव्यवस्था बहुत पीछे है।
वाशिंगटन स्थित विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट ने भारतीय अर्थव्यवस्था को 2.6 ट्रिलियन डॉलर का बताया है। इसके साथ विश्व अर्थव्यवस्था में भारतीय अर्थव्यवस्था का योगदान 3.27 फीसदी है। साथ ही भारत ने यूरोपीय देश फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। वैश्विक अर्थव्यवस्था में फ्रांस का योगदान केवल 3.25 फीसदी है। वहीं कनाडा का मात्र 2.08 फीसदी, इटली की 2.44 फीसदी, रूस का 1.99 फीसदी है। इस तरह भारतीय अर्थव्यवस्था ने दुनिया के कई विकसित देशों की अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ा है। भारत के मुकाबले पाकिस्तान का वैश्विक अर्थव्यवस्था में योगदान केवल 0.38 फीसदी है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था मात्र 0.3 ट्रिलियन डॉलर की है।

अमेरिका-चीन-जापान पहले तीन:
वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में अमेरिका की अर्थव्यवस्था को 19.39 ट्रिलियन डॉलर का बताया है। साथ ही अमेरिकी अर्थव्यवस्था वैश्विक अर्थव्यवस्था में करीब एक चौथाई याने 24.4 फीसदी का योगदान देती है। अमेरिका के बाद चीन की अर्थव्यवस्था 12.2 ट्रिलियन डॉलर की है। इसके साथ चीन का वैश्विक अर्थव्यवस्था में योगदान 15.4 फीसदी रहा है। इसके बाद जापान है, जो अपनी 4.9 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ तीसरे स्थान पर है। जापान का वैश्विक अर्थव्यवस्था में योगदान 6.13 फीसदी है। वहीं जर्मनी 4.6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ चौथे पायदान पर हैं। इस तरह देखे तो ये चार देश, अमेरिका, चीन, जापान, जर्मनी मिलकर दुनिया की आर्थिक व्यवहार का 50 फीसदी करते हैं।

भारतीय अर्थव्यवस्था की जीडीपी ग्रोथ को सराहा:
वर्ल्ड बैंक की इस रिपोर्ट में भारतीय अर्थव्यवस्था के पिछले दो साल के प्रदर्शन को सराहा गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की जीडीपी ग्रोथ पिछले दो साल में करीब 8.2फीसदी रही, जो अपने उच्चतम स्तर पर है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने 2.6 ट्रिलियन डॉलर के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था में करीब 3.3 फीसदी का हिस्सा बनाया है, जो प्रशंसनीय है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *