बेगूसराय लोस सीट से ही चुनाव लड़ेंगे गिरिराज सिंह

0

No

बेगूसराय, 26 मार्च (हि.स.)। 2014 के लोकसभा चुनाव में जिस तरह से नरेन्द्र मोदी हर किसी की जुबान पर छा गए थे, कुछ इसी तरह का माहौल 2019 के बेगूसराय लोकसभा चुनाव का भी है। जहां नरेन्द्र मोदी, विकास और गिरिराज सिंह चर्चा में हैं।
नवादा से टिकट कटने के बाद गिरिराज सिंह के बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही मीडिया में उन्हें लेकर लगाई जा रही अटकलों की काफी चर्चा है। कहा जा रहा था कि गिरिराज सिंह बेगूसराय से चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। सोमवार को हर तरफ इसकी काफी चर्चा थी। गिरिराज सिंह का मोबाइल बंद रहने के कारण भी इस चर्चा को बल मिला। लेकिन मंगलवार सुबह इसकी पुष्टि हो गई कि गिरिराज सिंह बेगूसराय से ही चुनाव लड़ेंगे।
गिरिराज सिंह केंद्रीय नेतृत्व से नाराज नहीं हैं। वह प्रदेश नेतृत्व से सिर्फ इतना जानना चाह रहे हैं कि उन्हें जानकारी दिये बगैर नवादा से बेगूसराय क्यों भेज दिया गया। बातचीत में उन्होंने मंगलवार को स्पष्ट रूप से कहा है कि वह 1996 से ही बेगूसराय में राजनीति कर रहे हैं। बेगूसराय से गहरा नाता रहने के कारण 2014 का चुनाव भी यहीं से लड़ना चाहते थे। लेकिन वरिष्ठ नेता डॉ. भोला सिंह की इच्छा को देखते हुए उन्होंने नवादा का रुख किया था।
भाजपा के मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि गिरिराज सिंह सिर्फ बेगूसराय, नवादा या बिहार के नेता नहीं हैं। बल्कि वह पूरे देश के नेता हैं। पार्टी में भी उनकी महत्वपूर्ण जगह है। इसलिए पार्टी उनका उपयोग चुनाव दौरान के साथ अन्य राज्यों में भी स्टार प्रचारक के रूप में करेगी। गिरिराज शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं। दो दिनों के बाद बेगूसराय में वे अपने चुनावी अभियान की शुरू करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *