बिहार भाजपा की उपाध्यक्ष पुतुल सिंह बांका से होंगी निर्दलीय प्रत्याशी
बांका, 24 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा की उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद पुतुल सिंह बांका संसदीय सीट से 25 मार्च को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. दिग्विजय सिंह की पत्नी व बांका की पूर्व सांसद पुतुल सिंह ने रविवार को बांका में बताया कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पता नहीं किस सोंच के तहत पूर्व बिहार और कोसी के इलाकों में एक भी सीट भाजपा के लिए नहीं रखी और जदयू के आगे विवश हो गयी। ऐसे में बीजेपी के कार्यकर्ताओं के मनोबल और सम्मान को काफी आघात पहुंचा है। वे बांका संसदीय सीट के बीजेपी कार्यकर्ताओं के अधिकार और बांका को अपराधियों से बचाने के लिये बांका से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगी। बीजेपी उन्हें पार्टी से निष्कासित क्यूं न कर दे।
इस मौके पर पूर्व विधायक व बीजेपी नेता गणेश दास, बांका जिला बीजेपी अध्यक्ष अनिल सिंह, अर्जुन पुरस्कार विजेता सह बिहार सरकार के सद्भावना दूत श्रेयसी सिंह मौजूद थे।