झारखंड: महागठबंधन में सीटों का एलान, 7 पर लड़ेगी कांग्रेस, राजद के खाते में सिर्फ एक

0

झामुमो को चार और झाविमो को दो सीटों पर करना पड़ा संतोष
बंटवारे पर राजद ने जतायी असहमति, चतरा से भी ठोंका अपना दावा
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी गयी। सीट बंटवारा के तहत कांग्रेस के खाते में सात सीटें आयी हैं। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को चार, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को दो और राजद को सिर्फ एक सीट मिली है। राजद ने इस पर अपनी असहमति दर्ज करा दी है।
टिकट बंटवारा की घोषणा रविवार को मोरहाबादी मैदान स्थित झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास पर हुई। इस मौके पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री रघुवर दास की एनडीए सरकार के कुशासन और जन विरोधी नीतियों से मुक्ति दिलाने का संकल्प झारखंड में महागठबंधन ने लिया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सहमति और प्रयासों से झारखंड में महागठबंधन के दलों के बीच सभी मुद्दों पर आपसी सहमति बन चुकी है। इस पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, राजद ने झारखंड में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने के फार्मूले पर सहमति जतायी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के महागठबंधन में शामिल दलों के बीच हुई बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी है कि झारखंड में 2019 के लोकसभा का चुनाव कांग्रेस के नेतृत्व में लड़ा जायेगा और कांग्रेस सभी दलों से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस, झामुमो, झाविमो और राजद के बीच लोकसभा चुनाव के लिए आम सहमति से हुए सीटों के बंटवारे के तहत कांग्रेस सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। झामुमो चार, झाविमो दो और राजद एक सीट पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने बताया कि आपसी सहमति से लिये गये निर्णय के अनुसार कांग्रेस के उम्मीदवार रांची, खूंटी, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), हजारीबाग, धनबाद और चतरा में होंगे। झामुमो के उम्मीदवार दुमका, राजमहल, गिरिडीह और जमशेदपुर में होंगे। झाविमो के उम्मीदवार कोडरमा और गोड्डा में होंगे। जबकि राजद के उम्मीदवार के लिए पलामू सीट छोड़ी गयी है। उन्होंने कहा कि वाम दलों को महागठबंधन में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन पायी। महागठबंधन के दलों ने सभी वामदल मिलकर एक सीट पर चुनाव लड़ने पर सहमति बनाने का आग्रह किया था, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो पाया। वामदल यदि अब भी सहमति बना लेते हैं, तो समाधान तलाशा जा सकता है। महागठबंधन के सभी दलों में वाम दलों को साथ रखने पर सहमति हैं। हेमंत ने कहा है कि जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। साथ ही गठबंधन में शामिल सभी दल साझा चुनाव प्रचार में जाएंगे। उनका दावा है कि झारखंड में भाजपा को करारी शिकस्त देंगे। हालांकि राजद ने इस समझौते को मानने से फिलहाल इनकार किया है। चतरा पर भी उसका दावा बरकरार है। इस मौके पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *