कांग्रेस कर रही महागठबंधन में सीट बंटवारे के फार्मूले की समीक्षा,दिल्ली तलब किए गए नेता

0

पटना, 24 मार्च (हि.स.)। महागठबंधन की अहम घटक कांग्रेस में सीटों के बंटवारे को लेकर अंदर-अंदर आग सुलग रही है। कांग्रेस के तीन शीर्ष नेताओं बिहार के इंचार्ज शक्ति सिंह गोहिल, चुनाव कमेटी के सदस्य अखिलेश सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को दिल्ली तलब किया गया है। तीनों नेता दिल्ली रवाना भी हो चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के खाते में महज 9 सीट आने के बाद से बिहार कांग्रेस के कई बड़े नेता खासे नाराज हैं। अपनी नाराजगी से उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा को भी अवगत करा दिया था। कहा जा रहा है पूर्णिया में मदन मोहन झा ने राहुल गांधी को कांग्रेस नेताओं की भावनाओं से अवगत करा दिया था। इसके बाद राहुल गांधी को अहसास हुआ कि बिहार में कांग्रेस को पीछे धकेल कर राजद न सिर्फ ज्यादा सीट लेने में कामयाब हो गया है बल्कि आरएलएसपी, वीआईपी और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा को भी उनकी औकात से ज्याद सीटें दे दीं । जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी एक बार फिर से बिहार में सीट बंटवारे की समीक्षा करना चाहते हैं। महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का फार्मूला खुद राजद के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने रांची जेल में बैठकर तैयार किया है। कभी कांग्रेस के खिलाफ अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले लालू प्रसाद को यकीन है कि कांग्रेस इस वक्त घुटने पर बैठी हुई है। यदि राजद का समर्थन उसे नहीं मिला तो कांग्रेस को बिहार में एक सीट पर भी आफत आ सकती है। यही वजह है कि कांग्रेस के तमाम दावों को खारिज करते हुये उसके खाते में महज 9 सीटें ही डाली गई हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 15 सीटों पर दावा कर रही थी। उसे यकीन था कि कम से कम 12 सीट तो मिल ही जाएंगी। कांग्रेस के नेताओं को इस बात का कतई गुमान नहीं था कि उन्हें महज 9 सीट पर ही समेट दिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *