इस बार ननिहाल से गिरिराज सिंह ठोकेंगे ताल

0

बेगूसराय,23 मार्च(हि.स.)। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 29 अप्रैल को बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के होने वाले चुनाव के लिए सबसे पहले एनडीए ने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी। एनडीए में भाजपा के पास बेगूसराय की सीटिंग सीट बरकरार रह गई है और यहां से चुनाव लड़ेंगे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह। गिरिराज सिंह का नाम घोषित होते ही एनडीए और खासकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। 26 मार्च को भाजपा की लोकसभा स्तरीय विस्तारित बैठक होनी है। संभावना है कि उसी दिन से कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतर जायेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बेगूसराय एनडीए के कार्यकर्ता नमो को दुबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमर कसकर तैयार हैं। महागठबंधन में यह सीट राजद के हिस्से में जाने की चर्चा है और डॉ तनवीर हसन प्रत्याशी हो सकते हैं। बिहार के सबसे चर्चित लोकसभा क्षेत्र बेगूसराय में यह चुनाव पूरी तरह से त्रिकोणीय होने के आसार बन गए हैं। भाजपा के गिरिराज सिंह और राजद के तनवीर हसन (संभावित) को टक्कर देंगे भाकपा के प्रत्याशी जेएनयू के पूर्व छात्र नेता डॉ कन्हैया कुमार। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नवादा के निवर्तमान सांसद और बेगूसराय की राजनीति के भीष्म पितामह डॉ भोला सिंह को यहां से चुनाव मैदान में उतारा था। जिसमें की भोला बाबू ने पहली बार बेगूसराय लोकसभा में कमल खिलाया। उनके निधन से खाली हुई इस सीट पर भाजपा एक बार फिर अपना झंडा बुलंद करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। भाजपा ने इस बार भी नवादा के ही सांसद और केंद्रीय मंत्री को बेगूसराय से चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा और एनडीए को पूरी उम्मीद है कि बेगूसराय में किए गए विकास कार्य तथा बेगूसराय के हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं पर सीधी पकड़ रहने का लाभ गिरिराज सिंह को मिलेगा। बता दें कि बेगूसराय जिला के सदानंदपुर में गिरिराज सिंह का ननिहाल है। लंबे समय तक वे यहीं रहकर पले-बढ़े और शिक्षा ग्रहण किया। इसके अलावा भी बेगूसराय में गिरिराज सिंह के कई रिश्तेदार हैं जिसका सीधा लाभ उन्हें अवश्य मिलेगा। भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार विरेश ने बताया कि गिरिराज सिंह को बेगूसराय लोक सभा से टिकट मिलना हम लोगों के लिए खुशी की बात है। खुशी की बात है कि उनके नेतृत्व का लाभ बेगूसराय की धरती को मिलेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *