मोदी काल में अमेरिका के साथ हुए प्रगाढ़

0

वाशिंगटन, 22 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत और अमेरिका के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। ये बातें अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी ने कहीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा चुनावों के बाद यह संबंध और बेहतर होंगे। अधिकरी ने आगे कहा कि टू प्लस टू वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच संबंध और बेहतर हुए हैं।

अधिकारी ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सबसे अहम बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून, 2017 में व्हाइट हाउस की यात्रा थी जहां रिश्तों को लेकर काफी प्रगति हुई। मैं कहूंगा कि विदेश सचिव गोखले की यात्रा इस बात का सकारात्मक संकेत है कि संबंध फल-फूल रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस आम चुनाव में जो भी सरकार बनती है, हम उसके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।’’ वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अमेरिका उम्मीद करता है कि संबंध और बेहतर होंगे और देश हिंद-प्रशांत में सहयोग के रास्तों की तलाश कर रहा है।

विदित हो कि पिछले सप्ताह अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान गोखले ने विदेश विभाग से महत्वपूर्ण विचार विमर्श और सामरिक सुरक्षा को लेकर बातचीत की थी। इस दौरान व्यापक दि्वपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *