मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लग जाते हैं कुछ लोग : प्रधानमंत्री

0

No

– खुर्जा में 1320 मेगावाट व बक्सर में 1320 मेगावाट की क्षमता वाले पावर प्लांट का शिलान्यास
नोएडा, 09 मार्च (हि.स.)। ग्रेटर नोएडा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान का शनिवार को उद्घाटन करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष और पाकिस्तान पर जमकर बरसे। मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब से हम आए हैं तब से लेन-देन वाली सारी संस्कृति पर पूरी तरह से रोक लगाई है। इसलिए हर भ्रष्ट को मोदी से कष्ट है। मोदी का विरोध करते-करते लोग देश का विरोध कर रहे हैं। अब देश नई रीति और नीति पर चल रहा है।
प्रधानमंत्री ग्रेटर नोएडा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान और नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा सेक्टर-62 तक के बहुतप्रतीक्षित मेट्रो लाइन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। साथ ही खुर्जा में 1320 मेगावाट पावर प्लांट और बक्सर में 1320 मेगावाट की क्षमता वाले पावर प्लांट का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा शिलान्यास करने आए थे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद पूरे देश मे ढाई करोड़ लोगों के घर में बिजली पहुंची है, ये सब आपकी मदद से हुआ है। उन ढाई करोड़ लोगों की जिंदगी अंधेरे में गुजर रही थी। जनता के वोट के कारण हम सत्ता में आ पाए, इतनी बड़ी उपलब्धि का सारा श्रेय आप जनता को जाता है।
बिचौलियों और दलालों को खत्म किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र ने कहा कि 2014 के पहले एक एलईडी बल्ब की कीमत 300 रुपये हुआ करती थी लेकिन अब मात्र 40 रुपये में एक बल्ब आता है। उस वक्त इसलिए होता था, क्योंकि सब जगह कोई न कोई बिचौलिए और दलाल बैठे थे। मेरे आने के बाद ये सब खत्म हुआ। अभी तक 150 करोड़ एलईडी बल्ब बांटे जा चुके हैं। आम जनता की 50 हजार करोड़ रुपये के बिल की बचत हुई है। उन बिचौलियों के मन में मेरे लिए तो गुस्सा रहेगा न, उनसे मुझे कौन बचाएगा? सवा सौ करोड़ जनता बचाएगी।

दुनिया भर के रिसर्च स्कॉलर ग्रेटर नोएडा में आएंगे
मोदी ने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता को पूरे दुनिया भर से जोड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा में 25 एकड़ मे फैला पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान खोला जा रहा है। दुनिया भर के स्कॉलर और विद्वान यहां से रिसर्च कर पाएंगे। दीनदयाल उपाध्याय के विचार को अतीत और भविष्य को इस से जोड़ा जा सकेगा। कभी ऐसा दिन था जब नोएडा ग्रेटर नोएडा की पहचान सरकारी धन की लूट, टेंडर में हेरफेर, जमीन घोटालों के रूप में जाना जाता था। आज नोएडा की पहचान बदली है। नोएडा अब मेक इन इंडिया के बड़े हब के रूप में उभरने लगा है। आज भारत विश्व मे मोबाइल उत्पादन में दूसरे क्रम में आता है। इसमें नोएडा की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

पाक ने डर कर कहा, मोदी ने मुझे मारा
उरी हमले के बाद जो हमने किया लोगों ने उसके सबूत मांगे। पुलवामा में जो हुआ तो पाकिस्तान को लग रहा था कि भारत पहले की तरह ही सर्जिकल स्ट्राइक करेगा। इसलिए उसने अपने सारी सीमाओं पर सेना की चौकसी बढ़ा दी थी लेकिन हम ऊपर से चले गए। आतंकियों ने सोचा भी नहीं था कि भारत कोई कार्रवाई करेगा लेकिन हमने उसके घर मे घुस के मारा।
मोदी ने कहा इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद हम तो चुप थे लेकिन पाकिस्तान की नींद उड़ गई। देश 3:30 बजे तड़के सो रहा था, उन्हें क्यों जगाना। डर के मारे पाकिस्तान की नींद खत्म हो गई। हम चुप थे लेकिन पांच बजे पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि मोदी ने मारा-मोदी ने मारा। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश को हमने बताया लेकिन इस बार वो खुद रोने लगे।
पिछली सरकार के रवैये कारण पाकिस्तान समझता था कि भारत के साथ प्रॉक्सी वार करते जाओ भारत तो तो कुछ करेगा नहीं। लगातार देश पर हमले होते रहे। 26/11 हमले के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ सबूत थे और देश की सेना बदला लेना चाहती थी लेकिन पिछली सरकार ने हिम्मत नहीं दिखाई। सेना का खून गर्म हो रहा था, उधर सरकार नई दिल्ली मे ठंडे बिस्तर में सो रही थी। कार्रवाई करने के लिए हिम्मत चाहिए। साल 2008 के बाद भी आतंकी घटनाएं होती रहीं। उन सबके तार पाकिस्तान से जुड़े थे लेकिन पिछली सरकार में सिर्फ गृहमंत्री बदले।
वन वर्ल्ड, वन सन, वन ग्रिड
प्रधानमंत्री मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमने वन नेशन वन ग्रिड का सपना पूरा किया है। हमारा सपना वन वर्ल्ड वन सन वन ग्रिड का है, बहुत जल्द ये पूरा हो जाएगा। साल 1950 से साल 2014 तक लगभग 65 सालों में 2.5 लाख मेगावॉट की क्षमता विकसित हुई है। बीते पांच साल में हमारी सरकार ने एक लाख मेगावॉट से अधिक क्षमता विकसित की है।
दो नए पावर प्लांट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खुर्जा पावर प्लांट के निर्माण में 12 हजार करोड़ का खर्च आएगा और बक्सर वाले में दस हजार करोड़ का खर्च आएगा। जब ये दोनों प्लांट बनकर तैयार भो जाएगा तो यूपी और बिहार को अधिक बिजली मिल पाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *