पाकिस्तान को रास न आया भारतीय खिलाड़ियों द्वारा सेना की विशेष टोपी पहनना

0

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे एकदिनी में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सेना की विशेष टोपी पहनने का पाकिस्तान ने विरोध किया है। पाकिस्तान ने भारतीय टीम पर खेल में राजनीति करने का आरोप लगाया है।

पाकिस्तानी सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने ट्वीट किया, ‘यह सिर्फ क्रिकेट नहीं है और अगर भारतीय टीम को नहीं रोका गया तो पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भी दुनिया को कश्मीर में भारतीय ज्यादती के बारे में याद दिलाने के लिए काली पट्टी पहननी चाहिए।’ वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) को इसके बारे में कुछ करना चाहिए।

पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से कुरैशी ने कहा, ‘दुनिया ने देखा कि भारतीय टीम ने अपनी खेल वाली कैप के बजाय सेना की विशेष कैप पहनी, क्या आईसीसी ने इसे नहीं देखा? हमें लगता है कि यह आईसीसी की जिम्मेदारी है कि वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड(पीसीबी) द्वारा इसका ध्यान दिलाए जाने के बजाय खुद इसका संज्ञान लें।’

उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने रांची में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच के दौरान पुलवामा में मारे गए शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी थी और टीम के सभी खिलाड़ियों ने सेना की टोपी पहन शहीदों को याद किया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *