हाफिज से पूछताछ करना चाहती थी संयुक्त राष्ट्र की टीम, पाक ने नहीं दिया वीजा

0

नई दिल्ली/इस्लामाबाद  (हि.स.)। मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद से पूछताछ करना चाह रही संयुक्त राष्ट्र की एक टीम का वीजा अनुरोध पाकिस्तान ने ठुकरा दिया था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंध सूची से अपना नाम हटवाने के लिए हाफिज की ओर से दायर अर्जी के सिलसिले में यह टीम पाकिस्तान में जमात-उद-दावा प्रमुख से पूछताछ करना चाह रही थी।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज की याचिका खारिज कर दी है जिसके मुताबिक उसका नाम प्रतिबंधित आतंकियों की सूची में ही रहेगा।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 2008 के मुंबई हमले के बाद जमात-उद-दावा के मुखिया हाफिज पर 10 दिसम्बर 2008 को पाबंदी लगाई थी। मुंबई हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी। नवम्बर 2017 में पाकिस्तान में उसे नजरबंदी से रिहा किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी मिशन के एक प्रतिनिधि ने पिछले साल अक्टूबर में लोकपाल को सूचित किया था कि उनकी इस्लामाबाद यात्रा के लिए कोई वीजा नहीं जारी किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र लोकपाल विश्व संस्था द्वारा प्रतिबंधित लोगों एवं संगठनों द्वारा उन्हें प्रतिबंध सूची से हटाने के अनुरोधों की समीक्षा करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *