गाम्बिया के विदेश सेवा अधिकारियों को प्रशिक्षित करेगा भारत

0

नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। अफ्रीकी देश गाम्बिया के विदेश सेवा अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण को लेकर भारत-गाम्बिया के बीच गुरुवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए। यह समझौता भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गाम्बिया के विदेश मंत्री मामादाउ तांगारा की उपस्थिति में हुआ। गाम्बिया के विदेश मंत्री भारत की आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली में हैं।
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ने बताया कि भारत-गाम्बिया के बीच यह समझौता भारत के विदेश सेवा संस्थान और गाम्बिया सरकार के बीच हुआ। इस समझौते पर भारत की ओर से विदेश सेवा संस्थान के डीन जेएस मुकुल ने और गाम्बिया की ओर से नई दिल्ली स्थित गाम्बिया के उच्चायोग के उच्चायुक्त जैनाबा जाग्ने ने हस्ताक्षर किए।
इस समझौते पर हस्ताक्षर से पहले दोनों देशों के बीच विदेश मंत्री स्तर की बैठक हुई। प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में भारत-गाम्बिया के बीच व्यापार, वाणिज्य, विकास परियोजनाएं एवं कौशल विकास को लेकर विस्तार से बात हुई। बैठक के बाद सुषमा स्वराज ने कहा कि गाम्बिया हमेशा से अफ्रीकी महाद्वीप में भारत का एक विश्वस्त सहयोगी रहा है। इस तरह की द्विपक्षीय बैठकें, मुलाकातें दोनों देशों के बीच दशकों से चले आ रहे संबंधों को और गहरा बनाती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *