हमने भाजपा से समझौता किया, उसके विचारों से नहीं:नीतीश

0

पटना,04 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सोमवार को यहां पार्टी की राष्ट्र्र्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टीजनों से कहा कि भाजपा से तालमेल बिहार तक सीमित है। हमने भाजपा से समझौता किया है ,उसके विचारों से नहीं। केन्द्र सरकार को कॉलेज शिक्षकों की नियुक्ति हेतु पहले की व्यवस्था चालू रखने के लिए अविलम्ब अध्यादेश लाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 370 और 35 ए के साथ वे किसी भी प्रकार से छेड़छाड़ के हमेशा खिलाफ हैं। राम मंदिर मुद्दे पर पार्टी अपने इस पुुराने स्टैंड पर कायम है कि इसका हल कोर्ट या आपसी वार्ता से ही होना चाहिए। अन्य कोई भी उपाय का वे समर्थन नहीं करते हैं। पार्टीजनों की बिहार से बाहर अन्य राज्यों में अपने बूते चुनाव लड़ने की मांग पर नीतीश ने कहा कि हम सिर्फ लड़ने भर के लिए चुनाव लड़ने के पक्षधर नहीं हैं। जहां हमारी स्थिति चुनाव लड़ने लायक है, वहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 60 से अधिक साल की उम्र वाले कितने दिन चलेंगे। बहुत से बहुत तो और 10 वर्ष । इसीलिए वे नये चेहरे और युवाओं को मौका देने के हिमायती हैं।
जदयू कार्यकारिणी ने चार मुद्दे पर अलग-अलग प्रस्ताव पारित किया। पाकिस्तान से मौजूदा तनातनी के माहौल में आतंकवाद से निपटने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कदमों का पार्टी ने जोरदार समर्थन के साथ सफल सैन्य कार्रवाई को सलाम और अभिनंदन का अभिनंदन किया है।
जदयू महासचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक के अनुसार पार्टी लोकसभा चुनाव में बिहार में भाजपा से तालमेल कर 17 सीटों पर लड़ने के साथ लक्षदीप सहित पूर्वोत्तर राज्यों मणिपुर,मिजोरम और असम में भी एक-एक सीट पर चुनाव लड़ सकती है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने भाजपा से वार्ता कर सीटें और प्रत्याशियों का नाम तय करने के लिए पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत किया है। इसी महीने के तीसरे पखवारे तक सीटें तय होने के साथ प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा हो जायेगी। अभी बिहार में जदयू के दो लोकसभा सदस्य पूर्णिया के संतोष कुशवाहा और नालंदा के कौशलेन्द्र कुमार हैं।
जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी की राष्ट्र्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश अध्यक्षों सहित लगभग 125 सदस्य शामिल थे। पार्टी महासचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने बैठक के बाद हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि बिहार से बाहर जदयू के चुनाव लड़ने के मसले पर विचार-विमर्श के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर, प्रधान महासचिव केसी त्यागी और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता एवं संगठन महासचिव आरसीपी सिंह की कमिटी बनायी गयी है।
श्री रजक के अनुसार बैठक में पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार ,प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने संबोधित किया। केसी त्यागी ने बैठक संचालित की।
उन्होंने बताया कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया लोकसभा चुनाव बाद 1 जून से सदस्यता अभियान से शुरु होगी। अक्टूबर,2019 के पहले संगठनात्मक चुनाव करा लिया जाना है। अक्टूबर में पार्टी अध्यक्ष का चुनाव होगा। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *